Birsa Munda Jayanti: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 नवंबर को जबलपुर पहुंचे। उन्होंने यहां गैरिसन ग्राउंड में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर "जनजाति गौरव सप्ताह" अंतर्गत आयोजित समारोह में सहभागिता की। उन्होंने देश के महान क्रांतिकारी, जननायक और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया। इस मौके पर उन्होंने जनजातीय धर्मगुरुओं को सम्मानित किया और पुष्प वर्षा कर कार्यक्रम में उपस्थित जनता का अभिनंदन किया।
जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में भव्य कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर संस्कारधानी जबलपुर को 133 करोड़ की लागत के 5 विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनजातीय समाज के समाजसेवियों और प्रतिभाओं का भी सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को जितने अलंकरण दिए जाएं कम हैं। उन्होंने अपने 25 वर्ष के छोटे से जीवन काल में स्वदेश, स्वधर्म, स्वाभिमान और समाज में अनुशासन को विशेष महत्व दिया। देश उनके अमर बलिदान को सदैव स्मरण रखेगा।
नायकों की कहानियां जन-जन तक पहुंचा रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय कार्य विभाग के माध्यम से राज्य सरकार प्रदेश के सभी विकासखंडों में जनजातीय नायकों के योगदान और उनके आदर्शों को पहुंचा रही है। सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक जबलपुर में आयोजित की। इसके बाद कटनी के पास संग्रामपुर में दूसरी कैबिनेट बैठक रानी दुर्गावती को समर्पित की। जबलपुर में राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह के नाम पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा रही है। खरगोन में क्रांतिसूर्य टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय खोला गया है। पचमढ़ी के राजा भभूत सिंह के नाम पर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का नाम रखा गया है। भीमा नायक, ख्वाजा नायक, बादल भोई जैसे वीरों से युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।
सभी क्षेत्रों में हो रहा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में 43 जनजातियां निवास करती हैं। राज्य सरकार सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है, लेकिन विशेष रूप से चिह्नित जनजातीय क्षेत्रों का समग्र विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनजातीय क्षेत्रों के लोगों को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा की सौगात मिलेगी। किसानों की आय बढ़ाने के लिए गोपालन और पशुपालन को भी बढ़ाया जा रहा है।
प्रमुख घोषणाएं
राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर जबलपुर को 133 करोड़ की लागत से छात्रावास और विद्यालय की सौगात मिली। छिंदवाड़ा, डिंडोरी और बालाघाट में 85 करोड़ की लागत से सांदीपनि विद्यालय बनाए जाएंगे। पीएम जनमन योजना के अंतर्गत 98 करोड़ के विकास कार्य, धरती आबा योजना के माध्यम से 401.56 करोड़ के लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किए गए।
