देश

'जनता के पैसे से दिया जाता है अनाज', मायावती ने मोदी सरकार की मुफ्त अन्न योजना को बताया छलावा

Lok Sabha Election 2024: मायावती ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि मुफ्त अनाज योजना से गुमराह न हो गरीब जनता, जनता के पैसे से अनाज दिया जाता है। उन्होंने एक चुनावी जनसभा में भाजपा पर कांग्रेस की ही तरह जांच एजेंसियों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया। आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कुछ कहा।

Image

भाजपा पर बरसीं बसपा सुप्रीमो मायावती।

Photo : Times Now Digital

Mayawati Slams BJP: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने सोमवार को केन्द्र सरकार की मुफ्त अनाज योजना को छलावा बताते हुए कहा कि जनता इससे प्रभावित न हो क्योंकि यह अनाज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जेब से नहीं बल्कि खुद गरीब जनता की गाढ़ी कमाई से दिया जा रहा है। मायावती ने यहां एक चुनावी जनसभा में जनता को विरोधी पार्टियों के 'खोखले वादों' से आगाह करते हुए भाजपा पर कांग्रेस की ही तरह जांच एजेंसियों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।

'मोदी या भाजपा की जेब से नहीं आ रहा मुफ्त राशन'

बसपा प्रमुख ने केन्द्र सरकार की मुफ्त अनाज योजना का जिक्र करते हुए कहा कि वे (भाजपा नेता) लोगों से कहते हैं कि भाजपा और मोदी ने उन्हें मुफ्त राशन दिया है और उन्हें भाजपा को वोट देकर यह कर्ज चुकाना चाहिए, मगर लोगों को इससे गुमराह नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो मुफ्त राशन दिया जा रहा है वह मोदी जी या भाजपा की जेब से नहीं आ रहा है, बल्कि यह कर के रूप में दिये गये आपके ही पैसे से दिया जा रहा है।

समाजवादी पार्टी पर बरसीं बसपा सुप्रीमो मायावती

मायावती ने कहा कि लोगों को यह सोचने की जरूरत नहीं है कि यह कोई कर्ज है जिसे चुकाना होगा। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि गरीब लोगों की जटिल समस्या केवल 'हर हाथ को काम' देने से ही खत्म होगी। अगर सरकार बनाने का मौका मिला तो उनकी पार्टी इस पर ध्यान देगी। बसपा अध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ज्यादातर देखा गया है कि जहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या अधिक है, वहां सपा अपने परिवार के किसी व्यक्ति को टिकट देती है और जहां हिंदू संख्या में अधिक हैं, वहां मुस्लिम उम्मीदवार खड़ा करती है। यह समाजवादी पार्टी का चरित्र है।

बदायूं से सपा उम्मीदवार आदित्य पर क्या बोलीं मायावती?

उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में मुस्लिम आबादी वाले बदायूं के मामले में सपा ने अपने परिवार के ही सदस्य (आदित्य यादव) को उम्मीदवार बनाया है। मायावती ने इस बात पर भी जोर दिया कि उनकी पार्टी बसपा में टिकट आवंटन को लेकर कोई भेदभाव नहीं है और सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है। अपने राजनीतिक विरोधियों पर हमला बोलते हुए बसपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की तरह भाजपा ने भी जांच एजेंसियों का राजनीतिकरण कर दिया है।

'मुसलमानों और धार्मिक अल्पसंख्यकों की रुक गई तरक्की'

मायावती ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में मुसलमानों और धार्मिक अल्पसंख्यकों की तरक्की रुक गई है और हिंदुत्व की आड़ में अत्याचार और उत्पीड़न चरम पर है। मतदाताओं से कांग्रेस, भाजपा और उनके समर्थक दलों को सत्ता में आने से रोकने का आह्वान करते हुए बसपा अध्यक्ष ने आगाह किया कि ये दल सत्ता में आने के लिए हर संभव कोशिश करेंगे मगर उन्हें रोकने के लिये उनकी पार्टी के लोगों को रहना होगा।

रैली के दौरान मायावती ने अपनी पार्टी के उम्मीदवारों बदायूं से मुस्लिम खान, आंवला से आबिद अली और संभल से सौलत अली के लिए समर्थन मांगा और जनता से उन्हें विजयी बनाने की अपील की। इन तीनों सीट पर लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में सात मई को मतदान होगा।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article