मणिपुर के काकचिंग जिले में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खेत में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया हथियारों और गोला-बारूद का भारी जखीरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित संगठन KCP (Taibanganba) के एक सक्रिय कैडर को भी गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई स्पेशल सेल दिल्ली पुलिस के FIR नंबर 118/26 की जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर की गई।
पुलिस को आरोपी दिलीप सिंह हाओबिजाम उर्फ ताइबांगनबा से पूछताछ के दौरान मणिपुर के इरेंगबंद इलाके में हथियार छिपाए जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद काकचिंग पुलिस के CDO यूनिट, असम राइफल्स, CRPF और BSF की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। सुरक्षा बलों ने इरेंगबंद के अलग-अलग इलाकों की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: Shimla News: कालका-शिमला हाईवे पर दरका पहाड़, मलबे में तब्दील हुई सड़क; लगा लंबा जाम
पूछताछ में हुआ खुलासा
इसी दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में सड़क किनारे घूमता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन कमांडो टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान 50 साल के लीशांगथेम इबुंगो सिंह के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में इबुंगो सिंह ने खुद को प्रतिबंधित संगठन KCP (Taibanganba) का सक्रिय कैडर बताया।
खेत की खुदाई में क्या-क्या मिला?
उसने यह भी बताया कि उसने अपने धान के खेत में हथियार और गोला-बारूद छिपा रखा है। इसके बाद उसकी निशानदेही पर खेत में खुदाई की गई। खुदाई के दौरान एक सफेद प्लास्टिक बैग और ग्रे रंग के तिरपाल में लिपटा सामान मिला। जब इन्हें खोला गया तो सुरक्षा बलों के होश उड़ गए। इसमें AK-56, Amogh Rifle, A1 Rifle और M4 Rifle जैसे हथियार मिले। इसके अलावा बड़ी संख्या में खाली मैगजीन, बम, डेटोनेटर, शेल और हजारों राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
बरामद सामान में 445 Amogh, 601 INSAS, 651 AK, 132 .303 और 164 SLR के जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा 51 HE Bomb, दो Para Bomb, 11 डेटोनेटर और चार Lethod Shell भी बरामद किए गए हैं। मौके से अलग-अलग रंग और आकार के कई बैग, तिरपाल, रेनकोट कवर और एक Redmi मोबाइल फोन भी मिला है। पुलिस ने बरामद हथियार और गोला-बारूद को जब्त कर लिया है। पूरी जब्ती की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस के मुताबिक, हथियारों की बरामदगी के बाद इबुंगो सिंह को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतना बड़ा हथियारों का जखीरा कहां से आया, इसे किसके लिए छिपाया गया था और इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। यह कार्रवाई दिल्ली स्पेशल सेल की जांच में सामने आए मणिपुर कनेक्शन की अहम कड़ी मानी जा रही है।
