MLC Election: भारतीय जनता पार्टी ने एमएलसी चुनाव के लिए 10 उम्मीदवारों की घोषणा की है। इसमें चार उम्मीदवार बिहार के लिए हैं और छह उम्मीदवार उत्तर प्रदेश के लिए। बिहार से बीजेपी ने नवल किशोर यादव, एन के यादव, सर्वेश कुमार और नरेंद्र प्रसाद सिंह को टिकट दिया है। वहीं उत्तर प्रदेश से बीजेपी ने केदारनाथ सिंह, दिनेश गोयल, अशोक कुमार राठौर, प्रमोद मिश्रा, इंजीनियर हरि किशोर तिवारी और ध्रुव त्रिपाठी को टिकट दिया है।
बिहार विधान परिषद चुनाव 2026
- पटना शिक्षक: नवल किशोर यादव
- कोशी स्नातक: डॉ. एन.के. यादव
- दरभंगा स्नातक: सर्वेश कुमार
- तिरहुत शिक्षक: नरेंद्र प्रसाद सिंह
उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव 2026
- वाराणसी स्नातक: केदार नाथ सिंह
- मेरठ स्नातक: दिनेश गोयल
- इलाहाबाद-झांसी स्नातक: अशोक कुमार राठौर
- वाराणसी शिक्षक: डॉ. प्रमोद मिश्रा
- आगरा शिक्षक: इंजीनियर हरि किशोर तिवारी
- गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक: ध्रुव त्रिपाठी
23 अक्टूबर को होगी वोटिंग
बता दें कि निर्वाचन आयोग ने चार राज्यों की विधान परिषद में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से होने वाले द्विवार्षिक चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। चुनाव उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र में होंगे। इन चारों राज्यों में विधान परिषद की कुल 28 सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक चुनाव प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होगी। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। सभी संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को की जाएगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक समाप्त हो जाएगी।
उत्तर प्रदेश में 11 सीटों पर चुनाव
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए चुनाव होना है। इनमें 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ से एर. अवनीश कुमार सिंह, वाराणसी से आशुतोष सिन्हा, आगरा से डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ‘गुरु जी’, मेरठ से दिनेश कुमार गोयल और इलाहाबाद-झांसी से डॉ. मान सिंह यादव का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ से उमेश द्विवेदी, वाराणसी से लाल बिहारी यादव, आगरा से डॉ. आकाश अग्रवाल, मेरठ से श्रीचंद शर्मा, बरेली-मुरादाबाद से हरि सिंह ढिल्लों और गोरखपुर-फैजाबाद से ध्रुव कुमार त्रिपाठी की सीटों पर चुनाव होगा।
बिहार की 8 सीटों पर भी मुकाबला
बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों के लिए चुनाव कराया जाएगा। इनमें पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र तथा पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।
