Mitchell Santner Ruled Out Of IND vs NZ Test Series: न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के व्हाइट-बॉल कप्तान और अनुभवी स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर मिशेल सेंटनर भारत के खिलाफ गुरुवार से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारत के खिलाफ पांचवें वनडे मैच के दौरान उनके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया था।
न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) की एक मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार, रविवार को पांचवें और आखिरी वनडे मैच में बल्लेबाजी करते समय सेंटनर के हाथ पर चोट लगी थी, जिसके बाद स्कैन में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। टॉम लैथम की कप्तानी वाली टेस्ट टीम में सेंटनर की जगह सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को शामिल किया गया है।
टीम में शामिल हुए डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने इसी साल मई में आयरलैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। सेंटनर कब तक मैदान पर वापसी कर सकेंगे, इस पर अभी काम चल रहा है। न्यूजीलैंड क्रिकेट जल्द ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए उनकी उपलब्धता के बारे में अपडेट देगा।
भारत के खिलाफ पहला टेस्ट वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में होगा।
वनडे सीरीज के दौरान भी न्यूजीलैंड की टीम चोटों से जूझ रही थी और कई अहम खिलाड़ी टीम का हिस्सा नहीं बन पाए थे। इस सीरीज में न्यूजीलैंड को 1-3 से हार का सामना करना पड़ा था। भारत ने न्यूजीलैंड का 7 साल से घरेलू जमीन पर चला आ रहा जीत का सिलसिला रोक दिया था।
उससे पहले न्यूजीलैंड दौरे पर पहुंची टीम इंडिया ने 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज में भी न्यूजीलैंड को मात देकर खिताब अपने नाम किया था। भारतीय टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में टीम इंडिया ने टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड को 3-2 से शिकस्त दी थी। डबल सीरीज जीतने के बाद अब भारत टेस्ट सीरीज में भी जीत दर्ज करके पहली बार न्यूजीलैंड में तीनों प्रारूप में सीरीज जीतकर लौटना चाहेगी।
