Firozabad Encounter: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। थाना एका क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ की घटना के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी देवेंद्र के पैर में गोली लग गई। उसे घायल हालत में पुलिस ने पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
प्रदीप की पीट-पीटकर हुई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, दो दिन पहले एका थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रदीप नाम के युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी देवेंद्र घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। मंगलवार तड़के पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या का वांछित आरोपी देवेंद्र नहर के पास छिपा हुआ है। सूचना के अनुसार वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद तत्काल मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी।
आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। इसी दौरान पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध देशी तमंचा और कारतूस बरामद किए। गोली लगने से घायल देवेंद्र को पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
