Ukraine Russia War: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा संघर्ष लगातार भीषण रूप लेता जा रहा है। हाल ही में यूक्रेन ने रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाले सामरिक रूप से बेहद अहम कर्च ब्रिज (Kerch Bridge) पर हमला किया, जिसके बाद कुछ समय के लिए पुल पर यातायात रोकना पड़ा। हालांकि, रूस ने इस हमले को ज्यादा असरदार न बताते हुए स्थिति सामान्य होने का दावा किया है।
कर्च ब्रिज पर हमले से मचा हड़कंप, यातायात बाधित
यूक्रेन द्वारा सोमवार को किए गए इस हमले के बाद रूस और क्रीमिया के बीच सैन्य और नागरिक आपूर्ति के मुख्य मार्ग माने जाने वाले कर्च ब्रिज पर ट्रैफिक कुछ घंटों के लिए पूरी तरह निलंबित कर दिया गया था, जिससे भारी जाम लग गया। हालांकि, शाम तक यातायात को फिर से बहाल कर दिया गया।
क्रिमिया के रूस-समर्थक गवर्नर सर्गेई अक्सरियानोव ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें रूसी उप प्रधान मंत्री मराट खुसन्नुलिन अधिकारियों के साथ पुल का मुआयना करते नजर आए। खुसन्नुलिन ने आश्वासन दिया कि स्थिति नियंत्रण में है और यात्रियों व सामान की आवाजाही को सुचारू रूप से व्यवस्थित किया जा रहा है। वहीं, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने दावा किया कि इस हमले से पुल को असाधारण रूप से कम नुकसान हुआ है।
रूस का दावा- एक रात में मार गिराए 1,336 यूक्रेनी ड्रोन
एक तरफ जहां यूक्रेन लगातार हमले कर रहा है, वहीं रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने भी बड़े पैमाने पर जवाबी कार्रवाई की है। रूसी सैन्य अधिकारियों के मुताबिक, ब्लैक सी से लेकर मास्को तक आसमान में सैकड़ों यूक्रेनी ड्रोन मंडराते रहे। सेना ने दावा किया कि उसने सोमवार तड़के तक 1,336 ड्रोन मार गिराए हैं। फरवरी 2022 में युद्ध की शुरुआत के बाद से एक दिन में मार गिराए गए ड्रोनों की यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।
दूसरी ओर, सर्दियों की शुरुआत से ठीक पहले रूस ने भी यूक्रेन के पावर ग्रिड (बिजली और ताप संयंत्रों) पर अपने मिसाइल और ड्रोन हमलों को तेज कर रक्षात्मक और आक्रामक रुख अपना लिया है।
रूस के विशाल भू-भाग की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि रूस दुनिया का सबसे बड़ा देश है और इसके पूरे भू-भाग व हवाई सीमाओं को हर वक्त सुरक्षित रखना एक बहुत बड़ी चुनौती है। रॉयल यूनाइटेड सर्विसेज इंस्टीट्यूट के एसोसिएट फेलो थॉमस विथिंगटन के अनुसार, रूस की एयर डिफेंस प्रणाली मूल रूप से देश के चप्पे-चप्पे की रक्षा के लिए डिजाइन नहीं की गई है।
यूक्रेनी ड्रोन बेहद कम ऊंचाई पर करीब 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भरते हैं, जिससे रडार के लिए उन्हें समय रहते डिटेक्ट करना मुश्किल हो जाता है। इन ड्रोनों की लंबी रेंज के कारण ये साइबेरिया के ओम्स्क स्थित तेल रिफाइनरियों तक गहरे अंदर तक हमला करने में सक्षम हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है कि वास्तव में कितने ड्रोन एयर डिफेंस को चकमा देकर अपने लक्ष्यों तक पहुंचे।
