देश

कटरा: माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर लैंडस्लाइड से तबाही, 7 लोगों की मौत, 14 घायल; रेस्क्यू जारी

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के कटरा स्थित माता वैष्णो देवी के यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले अर्धकुवारी के इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास बारिश के बाद भूस्खलन की चपेट में आने से 7 लोगों की मौत और 14 लोगों के घायल होने की खबर हैय़

Image

माता वैष्णों देवी यात्रा मार्ग पर लैंडस्लाइड (फोटो-ट्विटर)

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के कटरा स्थित माता वैष्णो देवी के यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले अर्धकुवारी के इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास बारिश के बाद भूस्खलन की घटना हुई है। ताजा जानकारी के मुताबिक इस घटना में 7 लोगों की मौत हो गई है और 14 लोग घायल हुए हैं।। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के हवाले से आवश्यक जनशक्ति और मशीनरी के साथ बचाव कार्य जारी है। हादसे के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भारी बारिश के कारण भूस्खलन से हुआ हादसा अत्यंत दुःखद है। इस सम्बन्ध में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री श्री उमर अब्दुल्ला जी और उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा जी से बात की। घायलों की मदद के लिए स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है और NDRF की टीम भी वहाँ पहुँच रही है।

वैष्णो देवी की यात्रा स्थगित

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के बाद प्रसिद्ध मंदिर की तीर्थ यात्रा रोक दी गई है। उन्होंने बताया कि अर्द्धकुंवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास बचाव अभियान जारी है, जहां अपराह्न करीब तीन बजे भूस्खलन की घटना हुई। अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक जाने वाले 12 किलोमीटर के घुमावदार रास्ते के लगभग आधे रास्ते पर यह घटना हुई।

भारी नुकसान की आशंका

उन्होंने बताया कि हिमकोटि मार्ग पर यात्रा सुबह से ही स्थगित कर दी गई थी, लेकिन अपराह्न 1.30 बजे तक पुराने मार्ग पर यात्रा जारी थी। हालांकि अधिकारियों ने मूसलाधार बारिश के मद्देनजर अगले आदेश तक इस रास्ते से भी यात्रा स्थगित करने का फैसला किया। जम्मू में गत तीन दिन से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है जिससे भारी नुकसान की आशंका हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बात की और माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले मार्ग पर हुए भूस्खलन से उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली। लगातार भारी बारिश के कारण मंगलवार दोपहर त्रिकुटा पहाड़ी पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले मार्ग पर भूस्खलन हो गया, जिसमें कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

इधर, यूपी के मुज़फ़्फ़रनगर से विधायक कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर एक बहुत ही दुखद घटना घटी, हमें नौ लोगों की मौत की बुरी खबर मिली। दुर्भाग्य से एक कश्यप परिवार दर्शन के लिए गया था, वे पांच लोग थे, उनके बेटे कार्तिकेय की भी मृत्यु हो गई, अन्य लोग अस्पताल में भर्ती हैं। मैंने उनसे बात की, मैंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से भी बात की, उन्हें घटना से अवगत कराया। मैंने मुज़फ़्फ़रनगर के डीएम से लोगों के उचित इलाज का अनुरोध किया। यह हमारे लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article