देश

कर्नाटक: कांग्रेस पार्षद की बेटी की बेरहमी से हत्या पर सियासी संग्राम, पिता ने बताया लव जिहाद, मंत्री का इनकार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 19, 2024, 05:25 PM IST

भाजपा ने सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए उस पर कानून-व्यवस्था की कीमत पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। इसे लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है।

Image

कर्नाटक में छात्रा की बेरहमी से हत्या

Karnataka Woman Murder Case: एक कॉलेज परिसर के अंदर कर्नाटक कांग्रेस पार्षद की बेटी की हत्या ने राज्य में सियासी हलचल पैदा कर दी है। इसे लेकर विपक्षी भाजपा, कांग्रेस सरकार पर हमलावर है। भाजपा ने लव जिहाद का आरोप लगया है जिसका कांग्रेस सरकार पुरजोर विरोध कर रही है। इस मुद्दे पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो रही है। 23 वर्षीय मास्टर्स ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) की छात्रा नेहा हिरेमथ पर गुरुवार को हुबली के बीवीबी कॉलेज के परिसर में फैयाज ने हमला किया था। सीसीटीवी फुटेज में फयाज को भागने से पहले नेहा को कई बार चाकू मारते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने कहा कि महिला की मौत फैयाज द्वारा किए गए कई चाकू के वार से हुई है। बाद में फैयाज को गिरफ्तार कर लिया गया।

पिता ने कहा, फैयाज की शादी का प्रस्ताव हमने ठुकराया था

पीड़िता के पिता निरंजन हिरेमथ ने कहा कि आरोपी फैयाज को परिवार जानता था और उन्होंने उसे नेहा का पीछा करने से रोकने की भी कोशिश की थी। हिरेमथ ने कहा कि वह एक पुराना छात्र था और उसने मेरी बेटी के सामने प्रस्ताव रखा था, लेकिन उसने उसका प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया। नेहा उसे पसंद नहीं करती थी। मेरी बेटी ने यह कहते हुए फैयाज के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया कि वे दोनों अलग-अलग जाति के हैं और वह उसके साथ कोई रिश्ता नहीं रखना चाहती। गुस्से में आकर उसने मेरी बेटी को चाकू मार दिया। उन्होंने कहा, हत्या का मकसद यह है कि नेहा ने आरोपी के प्रेम प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया था। घटना को अंजाम देने से पहले आरोपी से हमारी बातचीत हुई थी, जहां हमने उसे समझाया था कि हम हिंदू हैं और तुम मुस्लिम हो, इसलिए हम तुम्हें शादी करने की इजाजत नहीं दे सकते।

पिता ने कहा, फैल रहा लव जिहाद

निरंजन हिरेमथ ने कहा कि प्रदेश में लव जिहाद तेजी से फैल रहा है। उन्होंने लोगों से कॉलेज जाने वाली अपनी बेटियों की देखभाल की अपील भी की। पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए निरंजन हिरेमथ ने कहा, आए दिन इसी तर्ज पर घटनाएं हो रही हैं। मुझे नहीं पता कि ये युवा गलत रास्ता क्यों अपना रहे हैं और उनकी ऐसी मानसिकता क्यों है। हमारी मांग है कि किसी भी लड़की को इस आघात से नहीं गुजरना चाहिए। मुझे लगता है कि 'लव जिहाद' तेजी से फैल रहा है। मैं सभी माताओं से अपील करता हूं कि अगर आप अपनी बेटियों को कॉलेज भेज रहे हैं, तो आप भी उनके साथ जाएं और सुनिश्चित करें कि कोई उनका पीछा न कर रहा हो। जो हमारे साथ हुआ वह किसी के साथ नहीं होना चाहिए। निरंजन हिरेमथ ने कहा कि हमारे आसपास की स्थिति बहुत संवेदनशील है। सरकार महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए तैयार है, हर मोर्चे पर महिलाएं आगे हैं। अगर सब कुछ इसी तरह चलता रहा तो क्या स्थिति होगी? मैं राज्य सरकार और नेताओं से इस संबंध में उचित कार्रवाई की अपील करता हूं।

'लव जिहाद' पर जुबानी जंग

भाजपा ने सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए उस पर कानून-व्यवस्था की कीमत पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा, यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और मेरा मानना है कि इसमें 'लव जिहाद' का एक एंगल है। जब लड़की ने प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया, तो उसकी हत्या कर दी गई। कांग्रेस सरकार के में कानून और व्यवस्था नहीं है।

कर्नाटक सरकार ने आरोपों को किया खारिज

वहीं, कर्नाटक सरकार ने आरोपों को खारिज कर दिया। राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने दावा किया कि नेहा और फैयाज के रिश्ते में खटास आने से पहले से वे रिश्ते में थे। शायद उसने उसे चाकू मार दिया क्योंकि उसे किसी और से शादी करनी थी, लेकिन मुझे अभी तक पूरा विवरण नहीं पता है। लेकिन चूंकि यह आपसी संबंध था, इसलिए यह लव जिहाद का मामला नहीं लगता।

उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भाजपा पर भय और दहशत पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा यह दिखाकर डराने की कोशिश कर रही है कि कर्नाटक में कोई कानून-व्यवस्था नहीं है। कर्नाटक में सबसे अच्छी कानून-व्यवस्था है। कानून हर किसी के लिए अपना काम करेगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article