देश

JPSC-JSSC Protest: प्रदर्शन पर बैठे छात्रों से बातचीत का रास्ता खुला- मंत्री इरफान अंसारी का दावा, जल्द सामाधान की उम्मीद

JPSC-JSSC Protest: छात्रों के आंदोलन के बीच झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा है कि छात्रों से बातचीत के लिए सरकार तैयार है।

Image

JPSC-JSSC मुद्दे छात्रों से वार्ता का रास्ता खुला (फोटो- PTI & Times Now Navbharat)

JPSC-JSSC Protest: JPSC और JSSC परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों के जारी आंदोलन के बीच झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का एक बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार छात्रों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह संजीदा है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व कांग्रेस पार्टी के प्रभारी समेत सरकार के कई प्रतिनिधि छात्रों से बातचीत के लिए तैयार हैं। उनके अनुसार, वार्ता के रास्ते पूरी तरह खुले हैं और जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक समाधान निकाला जाएगा।

पेपर लीक मामलों पर सख्त कार्रवाई

मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परीक्षाओं में गड़बड़ी और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर बेहद कड़े कदम उठाए हैं। मंत्री ने दावा किया कि सरकार ने बिना किसी झिझक के अपनी ही एजेंसियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए JPSC के अध्यक्ष को बर्खास्त कर दिया गया है और कई दोषियों को जेल भेजा गया है। आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

विपक्ष पर साधा निशाना

भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में भी आए दिन पेपर लीक के मामले सामने आते रहते हैं, लेकिन वहां की सरकारें अपनी एजेंसियों पर कोई कार्रवाई नहीं करतीं। इरफान अंसारी ने कहा, "झारखंड सरकार छात्रों पर गोली या लाठी चलाने में विश्वास नहीं रखती। हम बातचीत और संवाद के जरिए समस्या का शांतिपूर्ण समाधान निकालेंगे।"

छात्रों से की अपील

आंदोलनरत छात्रों से अपील करते हुए मंत्री ने कहा कि उन्हें अपने इस आंदोलन में किसी भी राजनीतिक दल को शामिल नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री जल्द ही खुद छात्रों के साथ बैठक करेंगे और वार्ता के जरिए उचित रास्ता निकाला जाएगा।

बता दें कि छात्र 29 जुलाई से स्टेडियम में धरना दे रहे हैं। उन्हें पूरे देश से समर्थन मिल रहा है, अलग-अलग शहरों से लोग ऑनलाइन डिलीवरी ऐप के जरिए प्रदर्शन स्थल पर खाने की चीजें उपलब्ध करा रहे हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article