Hemant Soren: जमीन घोटाले में जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को फिलहाल कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। सोरेन की जमानत याचिका पर जवाब दाखिल करने के लिए ईडी ने कोर्ट से वक्त मांग लिया है। पीएमएलए कोर्ट ने ईडी को जवाब दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है, अब इस मामले में 1 मई को सुनवाई होगी, इसके पहले 16 अप्रैल को भी सुनवाई हुई थी।
बता दें, हेमंत सोरेन ने गिरफ्तारी के ढाई महीने बाद पहली बार जमानत की याचिका दाखिल की है, जिस पर मंगलवार को रांची की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई शुरू होते ही ईडी ने जमानत याचिका पर जवाब दाखिल करने और अपना पक्ष रखने के लिए कोर्ट से दो सप्ताह के समय की मांग की। हेमंत सोरेन की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने इसका विरोध किया, जिसके बाद अदालत ने ईडी को 30 अप्रैल तक जवाब दाखिल करने को कहा है। अब इस मामले में 1 मई को अलगी सुनवाई होगी।
31 जनवरी को हुई थी गिरफ्तारी
रांची के बड़गाईं अंचल में 8.66 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में ईडी ने 31 जनवरी को हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। ईडी ने मामले में 30 मार्च को अदालत में हेमंत सोरेन के अलावा जमीन के मूल रैयत राजकुमार पाहन, हेमंत सोरेन के करीबी विनोद कुमार, राजस्व उपनिरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद और हिलेरियस कच्छप के खिलाफ चार्जशीट भी फाइल की है। इसमें बताया गया है कि हेमंत सोरेन ने न सिर्फ गैरकानूनी तरीके से जमीन हासिल की, बल्कि जांच शुरू होने पर साक्ष्यों को नष्ट करने की कोशिश की।
