देश

अखिलेश के बाद ममता बनर्जी से कोलकाता में मिलीं जया बच्चन, अभिषेक भी रहे मौजूद; अटकलें तेज

Bengal Politics: समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सदस्य जया बच्चन ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की। इस दौरान, तृणमूल के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ'ब्रायन भी मौजूद रहे।

Image

ममता बनर्जी से मिलीं जया बच्चन (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Bengal Politics: बंगाल विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस को मिली करारी शिकस्त के बाद विपक्ष के नए सिरे से एकजुट होने की चर्चा के बीच, समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सदस्य जया बच्चन ने गुरुवार को बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से उनके कालीघाट स्थित आवास पर मुलाकात की।

डेरेक के साथ ममता से मिलीं जया

जया बच्चन दोपहर में तृणमूल के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ'ब्रायन के साथ ममता बनर्जी के आवास पर पहुंचीं, जहां ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने उनका स्वागत किया। हालांकि, बैठक में क्या कुछ चर्चा हुई, इसकी जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं हो सकी है।

तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा ने बताया कि ममता बनर्जी ने कालीघाट में जया बच्चन का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच सार्थक बातचीत हुई। इस दौरान, दोनों ने भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श भी किया।

यह मुलाकात इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि कुछ दिन पहले ही सपा के वरिष्ठ नेता किरणमय नंदा ने कोलकाता दौरे के दौरान चुनावों में तृणमूल कांग्रेस की हार के लिए पूर्व मुख्यमंत्री को ज़िम्मेदार ठहराया था और कहा था कि लोग ममता को नहीं चाहते थे। हालांकि, ममता बनर्जी और जया बच्चन के बीच संबंध अच्छे रहे हैं।

अखिलेश कर चुके हैं मुलाकात

पश्चिम बंगाल में भाजपा की जबरदस्त जीत के बाद, नंदा के बयानों ने विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के दो सहयोगियों के बीच दूरी को लेकर अटकलों को हवा दी। चुनाव नतीजों के कुछ ही समय बाद, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव कोलकाता गए और ममता बनर्जी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस कदम को चुनाव में मिली हार के बाद तृणमूल प्रमुख के प्रति एकजुटता दिखाने के तौर पर देखा गया।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि बच्चन की यह मुलाकात इस बात का संकेत है कि हाल में समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा सार्वजनिक आलोचना किए जाने के बावजूद दोनों विपक्षी दलों के बीच संवाद के रास्ते अब भी खुले हुए हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article