देश

TMC सांसद महुआ मोइत्रा पर फेंके गए अंडे, कल्याण बनर्जी बोले- बंगाल में कोई सुरक्षित नहीं; कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

Mahua Moitra Egg Attack: टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि नादिया जिले में पार्टी विधायक अलीफा अहमद के घर के बाहर प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर अंडे फेंके और नारेबाजी की।

Image

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा (फोटो साभार: @MahuaMoitra)

Photo : Twitter

Mahua Moitra Egg Attack: बंगाल विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस को मिली करारी शिकस्त के बाद टीएमसी नेताओं पर अंडे फेंकना और भीड़ द्वारा 'चोर-चोर' के नारे लगाना आम हो गया है। आए दिन टीएमसी नेताओं पर अंडे फेंके जाने का कोई न कोई वीडियो सामने आ ही जाता है। हालांकि, टाइम्स नाउ नवभारत इन वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। इसी कड़ी में नया नाम टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा का शामिल हो गया है।

महुआ मोइत्रा ने बुधवार को आरोप लगाया कि नादिया जिले में पार्टी विधायक अलीफा अहमद के घर के बाहर प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर अंडे फेंके और नारेबाजी की। महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो शेयर किया और भाजपा के कार्यकर्ताओं पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का आरोप लगाया।

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि महुआ मोइत्रा अलीफा अहमद के आवास पर टीएमसी की बैठक में शामिल होने के लिए कालीगंज के पलाई गईं, तभी विरोध प्रदर्शन करने वालों का एक ग्रुप मौके पर जमा हो गया और 'वापस जाओ, वापस जाओ' के नारे लगाने लगा। इस दौरान, प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर अंडे भी फेंक और चोर-चोर के नारे भी लगाए।

महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि राज्य में सरकार बदलने के बाद कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। अब भाजपा ने मुझ पर हमला करने की साजिश रची है। ये कोई आम लोग नहीं हैं; ये भाजपा कार्यकर्ता हैं।

'बंगाल में कोई सुरक्षित नहीं'

महुआ मोइत्रा पर हुए कथित हमले को लेकर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने नाराजगी जताई और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बंगाल में कोई सुरक्षित नहीं है।

कल्याण बनर्जी ने कहा, ''...भाजपा से जुड़े लोग ऐसा कर रहे हैं... मुख्यमंत्री विधानसभा में बड़ी-बड़ी बातें करती हैं, लेकिन कानून-व्यवस्था नहीं है। समिक प्रोफेसर की तरह बड़े-बड़े लेक्चर देते हैं, लेकिन हालात देखिए। उन्होंने सब कुछ बर्बाद कर दिया है... पश्चिम बंगाल में कोई सुरक्षित नहीं है; अगर आप भाजपा का साथ नहीं देंगे, तो आप भी सुरक्षित नहीं हैं..."

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article