Anil Vij: हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने रविवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख और लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) की ओर से मुसलमानों (Muslims) की आबादी घटने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये अच्छा है कि मुसलमानों की आबादी घट रही है, लेकिन इसे और कम किया जाना चाहिए।
अच्छा है कि मुस्लिम आबादी घट रही है, इसे और घटाएं- अनिल विज
अनिल विज ने कहा कि एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि भारत में मुसलमानों की आबादी घट रही है। अगर ऐसा है, तो ये बहुत अच्छी बात है। इसे और गिराएं और इसे 'हम दो हमारे दो' पर लाएं। इससे पहले आज एआईएमआईएम प्रमुख ने व्यापक जनसंख्या नीति पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत (Mohan Bhagwat) की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त की।
कंडोम का सबसे अधिक इस्तेमाल मुसलमान करते हैं- ओवैसी
ओवैसी ने कहा कि घबराओ मत। मुस्लिम आबादी नहीं बढ़ रही है बल्कि गिर रही है। सबसे ज्यादा कंडोम (Condom) का इस्तेमाल कौन कर रहा है? हम हैं। मोहन भागवत इस पर कुछ नहीं बोलेंगे। इसी हफ्ते 5 अक्टूबर को आरएसएस प्रमुख ने वार्षिक दशहरा समारोह का उद्घाटन करते हुए जनसंख्या नीति को समान रूप से लागू करने पर जोर दिया ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि बढ़ती आबादी बोझ न बने बल्कि संसाधन के रूप में इस्तेमाल की जा सके।
वहीं गुजरात में नवरात्रि गरबा स्थल पर हुए पथराव में कथित रूप से शामिल कुछ मुसलमानों को कथित रूप से पुलिस द्वारा सार्वजनिक तौर पर पीटे जाने पर ओवैसी ने कहा कि जब उन्हें पीटा गया तो लोग मजे ले रहे थे। ओवैसी ने कहा कि उन्हें सड़कों पर लाठियों से पीटा जा रहा है। क्या यही भारतीय लोकतंत्र है? क्या यही भारतीय धर्मनिरपेक्षता है? क्या ये कानून का शासन है?
ओवैसी ने कहा कि आप उन्हें पुलिस स्टेशन ले जा सकते थे, लेकिन आपने उनका सम्मान छीन लिया और उन्हें सीधे सड़कों पर मारा। 133 करोड़ के देश में जहां 30 करोड़ मुसलमान रहते हैं, एक मुसलमान की गरिमा सड़क के किनारे कुत्ते से कम है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
