एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने संघ प्रमुख के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें मोहन भागवत (Mohan Bhagwat) ने कहा था कि देश को व्यापक जनसंख्या नियंत्रण नीति की आवश्यकता है। इस पलटवार के दौरान ओवैसी ने दावा किया कि मुसलमानों की जनसंख्या नहीं बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा कंडोम मुस्लिम ही इस्तेमाल कर रहे हैं।
एएनआई के अनुसार ओवैसी ने भागवत से देश में मुस्लिम आबादी के बारे में चिंता नहीं करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा- "घबराओ मत, मुस्लिम आबादी नहीं बढ़ रही है, तुमलोग फालतू में टेंशन में मत आ जाओ, आबादी गिर रही है हमारी... सबसे ज्यादा कंडोम का इस्तेमाल कौन कर रहा है? हम कर रहे हैं। मोहन भागवत इस पर कुछ नहीं बोलेंगे।"
ओवैसी, आरएसएस प्रमुख डॉ मोहन भागवत के उस बयान का जिक्र कर रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा गया था कि जनसंख्या असंतुलन से भौगोलिक सीमाओं में बदलाव आता है। उन्होंने कहा था कि जनसंख्या नियंत्रण और धर्म आधारित जनसंख्या संतुलन एक महत्वपूर्ण विषय है, जिसे अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।
संघ प्रमुख ने एक समान जनसंख्या नियंत्रण कानून लाने की वकालत की थी। उन्होंने कहा था- "जब 50 साल पहले जनसंख्या असंतुलन था, तो हमें गंभीर परिणाम भुगतने पड़े। यह सिर्फ हमारे साथ नहीं हुआ है। आज के समय में पूर्वी तिमोर, दक्षिण सूडान और कोसोवो जैसे नए देशों का निर्माण हुआ। इसलिए, जब जनसंख्या असंतुलन होता है, तो नए देश बनते हैं। देश विभाजित होते हैं।"
संघ प्रमुख का कानपुर दौरा
संघ प्रमुख मोहन भागवत अपने तीन दिवसीय दौरे पर शनिवार रात को कानुपर पहुंच गए हैं। कानपुर में मोहन भागवत संघ के स्वर संगम घोष शिविर भाग लेंगे। साथ ही इस दौरान वे वाल्मीकि समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत भी करेंगे। 10 अक्टूबर को आरएसएस प्रमुख कानपुर के विक्रमजीत सिंह सनातन धर्म कॉलेज में एक सभा को भी संबोधित करेंगे।
