Maharashtra News: महाराष्ट्र में एक बार फिर सियासी संकट गहराता दिख रहा है। सूत्रों का कहना है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC)की तरह शिवसेना (यूबीटी) में बगावत हो सकती है और इसके सांसद एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) की अगुवाई वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। शिवसेना नेता कृपाल तुमाने ने मंगलवार को बड़ा दावा करते हुए कहा कि यूबीटी (UBT) के नौ सांसदों में से सात सांसद शिंदे गुट में शामिल होंगे। वहीं, सांसदों के पार्टी छोड़ने की रिपोर्टों को संजय राउत (Sanjay Raut) ने अफवाह बताया है। राउत ने कहा है कि शिवसेना यूबीटी के सभी नौ सांसद उद्धव ठाकरे के साथ हैं। ये सभी सांसद उनके साथ रहेंगे। कृपाल का दावा है कि उद्धव गुट के सांसदों में बहुत असंतोष है और महाराष्ट्र में 'ऑपरेशन टाइगर' जल्द कामयाब होगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- 'RSS से जुड़े लोग मुझ पर हमले के पीछे हैं' कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके का आरोप
फिर महाराष्ट्र में बनेंगे नए राजनीतिक समीकरण
कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा है कि उद्धव ने सांसदों के साथ बैठक की है और इस बैठक में सभी सांसद मौजूद थे। भय का माहौल बनाया जा रहा है और अफवाह फैलाई जा रही है। जाहिर है कि महाराष्ट्र में उद्धव गुट वाली शिवसेना में यदि बगावत होती है तो इसका असर प्रदेश स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर होगा। महाराष्ट्र में नए राजनीतिक समीकरण बनेंगे। सूत्रों का कहना है कि यूबीटी के छह सांसद शिंदे के साथ संपर्क में हैं।
बैठक में नहीं पहुंचे 5 सांसद
शिवसेना (उबाठा) की बैठक में कुल नौ में से पांच लोकसभा सदस्यों के अनुपस्थित रहने के एक दिन बाद सोमवार को पार्टी के नेताओं आदित्य ठाकरे और संजय राउत ने कहा कि वे सभी पार्टी के साथ हैं। दोनों ने अलग-अलग बातचीत के दौरान पार्टी सांसदों को तोड़ने के लिए 'ऑपरेशन टाइगर’ शुरू होने के कयासों को खारिज कर दिया। गौरतलब है कि अविभाजित शिवसेना का प्रतीक चिह्न एक बाघ था, जिसे पार्टी के संस्थापक बाल ठाकरे ने खुद बनाया था।
'अफवाहों पर विश्वास मत कीजिए'
आदित्य ने पुणे में पत्रकारों से कहा, 'अफवाहों पर विश्वास मत कीजिए। मैं और उद्धव ठाकरे यह आश्वस्त करते हैं कि जो लोग हमारे साथ हैं, उन पर हम पूरा भरोसा करते हैं। कुछ लोग 'अंधभक्त’होते हैं, जबकि हम ऐसे लोग हैं जो 'अंधा विश्वास’(आंख बंद कर भरोसा) में यकीन रखते हैं।' इससे पहले मुंबई में राउत ने कहा कि शिवसेना (उबाठा) अपने विरोधियों को निशाना बनाने के लिए 'ऑपरेशन वुल्फ' शुरू करेगी। उन्होंने यह बात उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना के गुट की ओर इशारा करते हुए कही।
रविवार को मुंबई में पार्टी सांसदों की बैठक बुलाई थी
शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को मुंबई में पार्टी सांसदों की बैठक बुलाई थी। हालांकि, बैठक में कुल नौ में से केवल चार लोकसभा सदस्यों अरविंद सावंत, अनिल देसाई, राजाभाऊ वाजे और संजय पाटिल ने शिरकत की। अन्य सांसदों के बारे में राउत ने रविवार को कहा था कि ओमप्रकाश राजे निंबालकर, भाउसाहेब वाकचौरे, नागेश बापूराव पाटिल अष्टिकर और संजय देशमुख ने ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शिरकत की, जबकि संजय जाधव ने फोन पर ठाकरे से बात की। राउत ने सोमवार को कहा कि जाधव अगले दो दिन में मुंबई आकर ठाकरे से मुलाकात करेंगे।
'बाघ को पहले बेहोश करना पड़ता है'
राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा, 'जब शिवसेना विभाजित हुई, तब वे लोग पार्टी छोड़कर चले गए जिनकी निष्ठा पर संदेह नहीं किया जा सकता था। हमें अपने सांसदों पर पूरा भरोसा है और यह भरोसा आगे भी कायम रहेगा। ये सभी सांसद शिवसेना (उबाठा) के साथ हैं।' 'ऑपरेशन टाइगर' के कयासों पर राउत ने सवाल किया कि क्या जाग रहे बाघ को हाथ लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा, 'बाघ को पहले बेहोश करना पड़ता है। उसके बाद उसके पैरों को बांधना होता है। हमारे मामले में यह संभव नहीं है। बाघ खुलेआम घूम रहे हैं।' जब उनसे पूछा गया कि रविवार की बैठक में शामिल नहीं होने वाले सांसद 19 जून को अविभाजित शिवसेना के स्थापना दिवस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे या नहीं, तो राउत ने कहा कि 'शिवसेना परिवार के इस आयोजन के लिए किसी को निमंत्रण की आवश्यकता नहीं है'।
