Iran released 5 Indian sailors: भारत की एक और कूटनीतिक जीत हुई है। इजराइल से जुड़े पुर्तगाल के मालवाहक जहाज पर सवार 5 भारतीयों को ईरान ने छोड़ दिया है। यह जानकारी ईरान में भारतीय दूतावास के अधिकारियों की ओर से दी गई है। कहा गया है कि पांचों भारतीय नागिरकों ने गुरुवार शाम को ही देश छोड़ दिया था। बता दें, मालवाहक जहाज के जब्त किए जाने के बाद से नई दिल्ली की ओर से भारतीय नागरिकों को रिहाई को लेकर कूटनीतक प्रयास किए जा रहे थे।
पांच भारतीय नागरिकों की रिहाई का विवरण साझा करते हुए ईरान में भारतीय दूतावास की ओर से कहा गया है कि एमएससी एरीज़ पर सवार भारतीय नाविकों में से 5 को आज शाम ईरान से रिहा कर दिया गया है। हम बंदर अब्बास में दूतावास और भारतीय वाणिज्य दूतावास के साथ घनिष्ठ समन्वय के लिए ईरानी अधिकारियों की सराहना करते हैं।
13 अप्रैल को ईरान ने जब्त किया था जहाज
इजराइल से जुड़े मालवाहक जहाज को ईरान ने 13 अप्रैल को जब्त कर लिया था। इस जहाज पर 17 भारतीय नागरिक सवार थे। जानकारी के मुताबिक, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स नेवी ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास कंटेनर जहाज को जब्त कर लिया था। इसे आखिरी बार 12 अप्रैल को दुबई के तट से दूर होर्मुज जलडमरूमध्य की ओर जाते हुए देखा गया था।
