कहा जाता है कि हर पायलट का सपना होता है कि उसका परिवार उस प्लेन से सफर करे, जिसे वो खुद उड़ाने वाला हो और जब ऐसा होता है तो यह एक काफी भावुक क्षण होता है। ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है। जिसमें एक इंडिगो पायलट जब विमान के यात्रियों को बताता है कि वो आज अपने दादाजी के साथ उड़ान भरने वाला है, तो उसकी मां रो पड़ती है।
कभी दादा की TVS से फर्राटा भरते थे पायलट
यह वीडियो चेन्नई से कोयंबटूर इंडिगो फ्लाइट के पायलट प्रदीप कृष्णन का है। उन्होंने खुद ये वीडियो शेयर किया है। प्रदीप कृष्णन जिस प्लेन को उड़ाने वाले थे, उसी विमान में उनके दादाजी और मां भी यात्रा कर रहे थे। प्रदीप कृष्णन ने कहा- "मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि मेरा परिवार मेरे साथ यात्रा कर रहा है। मेरी तथाता, पाती और अम्मा 29वीं पंक्ति में बैठी हैं। मेरे दादाजी आज पहली बार मेरे साथ उड़ान भर रहे हैं, मैंने कई बार उनकी TVS50 की पिछली सीट पर यात्रा की है, अब उन्हें सवारी देने की मेरी बारी है।
मां दिखी भावुक
इस वीडियो में इस घोषणा के बाद जहां कृष्णन के दादाजी हाथ जोड़े दिख रहे हैं, वहीं उनकी मां को भावुक होते देखा जा सकता है। कृष्णन ने वीडियो शेयर करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, "मेरा सबसे बड़ा फ्लेक्स। अपने परिवार और दोस्तों के साथ उड़ान भरना हर पायलट का सपना होता है।"
पहली उड़ान पर मां थी साथ
बता दें कि इससे पहले 2018 में, प्रदीप कृष्णन ने तब सुर्खियां बटोरीं थी, जब वह अपनी मां और दादी को अपनी पहली उड़ान पर साथ यात्रा करने के लिए ले गए थे। उनकी यात्रा का दिल छू लेने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो गया था। जिसे लोगों ने काफी पसंद किया था।
