देश

ढाई घंटे तक चक्कर काटता रहा IndiGo का विमान, टेकऑफ के बाद आई तकनीकी खामी; 127 यात्री थे सवार

Indigo Technical Snag: तमिलनाडु के त्रिची एयरपोर्ट से सिंगापुर जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी की शिकायत दर्ज की गई। जिसके बाद विमान को वापस त्रिची एयरपोर्ट लौटना पड़ा।

Image

इंडिगो के विमान में आई तकनीकी खामी (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Indigo Technical Snag: तमिलनाडु के त्रिची एयरपोर्ट से सिंगापुर जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी की शिकायत दर्ज की गई। जिसके बाद विमान को वापस त्रिची एयरपोर्ट लौटना पड़ा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 127 यात्रियों को ले जा रहा इंडिगो का विमान आपात स्थिति में लगभग ढाई घंटे तक आसमान में ही चक्कर काटता रहा।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, इंडिगो के विमान ने शुक्रवार शाम लगभग 6:40 बजे उड़ान भरी थी। इसके बाद तकनीकी खामी सामने आने पर विमान करीब ढाई घंटे तक हवा में चक्कर काटता रहा और रात लगभग 9 बजे वापस त्रिची एयरपोर्ट पर उतरा।

लैंडिंग से पहले ईंधन किया गया कम

पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए लैंडिंग से पहले विमान का ईंधन कम किया। सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए विमान और एयरपोर्ट अधिकारी लगातार संपर्क में रहे और जब विमान का ईंधन कम हो गया तो उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

एयरपोर्ट निदेशक गोपालकृष्णन ने बताया कि सिंगापुर जाने वाले सभी 127 यात्रियों के लिए वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था कर दी गई है। यात्रियों को इसी वैकल्पिक विमान से सिंगापुर भेजा जाएगा।

तीन घंटे की देरी से उड़ा विमान

इससे पहले, दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुवार को मंगलुरु जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान को लगभग तीन घंटे की देरी हुई। पायलट जब विमान को रनवे पर लेकर गए तो उन्हें एयरबस ए320 विमान में एक तकनीकी खामी नजर आई, जिसके बाद विमान को मरम्मत के लिए 'बे' में ले जाने का फैसला किया गया।

    उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट 'फ्लाइटरडार 24 डॉट कॉम' के अनुसार दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शाम 5.30 बजे उड़ान भरने वाली उड़ान संख्या 6ई-6456, एक नए विमान के साथ रात 8.28 बजे अपनी मंज़िल के लिए रवाना हुई।
    Anurag Gupta
    अनुराग गुप्ताauthor

    अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

    और पढ़ें
    End of Article