देश

'ममता दीदी ने सब कुछ दिया, फिर भी बाहरी लोगों के सामने झुक गईं', चंद्रिमा भट्टाचार्य के इस्तीफे पर भड़के सौगत रॉय

TMC Crisis: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के अंदरूनी कलह के बीच, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने शनिवार को अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने उन पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भरोसा तोड़ने और अपनी जिम्मेदारी न निभाने का आरोप लगाया है।

Image

चंद्रिमा भट्टाचार्य के इस्तीफे पर भड़के सौगत रॉय

Photo : ANI

TMC Crisis: पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) इस समय भीषण अंदरूनी कलह से जूझ रही है। शनिवार को पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य (Chandrima Bhattacharya Resignation) ने अपने सभी पदों से इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया था। अब इस पूरे घटनाक्रम पर टीएमसी के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय (Saugata Roy) की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। सौगत रॉय ने चंद्रिमा भट्टाचार्य पर सीधा हमला बोलते हुए कहा है कि उन्होंने पार्टी प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भरोसे को तोड़ा है।

मीडिया से बातचीत करते हुए सौगत रॉय ने आरोप लगाया कि जब कुछ 'बाहरी' लोगों ने कोलकाता स्थित टीएमसी के राज्य कार्यालय पर कब्जा करने की कोशिश की, तब चंद्रिमा भट्टाचार्य वहीं मौजूद थीं। इसके बावजूद उन्होंने इसका कोई विरोध नहीं किया। सौगत रॉय के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते यह उनकी जिम्मेदारी थी कि वह पार्टी दफ्तर की रक्षा करतीं, लेकिन वह अपने कर्तव्य में पूरी तरह नाकाम रहीं। इस ढुलमुल रवैए के कारण पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं में उनके खिलाफ भारी गुस्सा था।

चंद्रिमा ने सिर्फ विश्वासघात किया-सौगत रॉय

सांसद ने साफ शब्दों में कहा कि चंद्रिमा ने खुद पार्टी छोड़ी है और उनके इस कदम के बाद किसी ने भी उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की। ममता बनर्जी ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ाया, चुनाव हारने के बाद भी उन्हें दूसरी सीट से जिताकर बड़ी जिम्मेदारियां दीं, लेकिन बदले में उन्होंने सिर्फ विश्वासघात किया। दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले एक बागी गुट द्वारा पार्टी दफ्तर पर कब्जे की खबरें आईं, जिसके बाद दफ्तर के मकान मालिक ने अंदर से ताला लगा दिया।

जून 2026 में ही मिला था प्रदेश अध्यक्ष का पद

इस ड्रामे के तुरंत बाद चंद्रिमा ने ममता बनर्जी को पत्र लिखकर जून 2026 में मिले प्रदेश अध्यक्ष के पद और बैंक खातों के हस्ताक्षरकर्ता समेत सभी जिम्मेदारियों से खुद को अलग कर लिया। वहीं, टीएमसी से निष्कासित विधायक संदीपन साहा ने चंद्रिमा के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि अब पार्टी के भीतर काम करने का माहौल नहीं बचा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article