Indian Passengers Stranded Karachi: मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण हवाई क्षेत्र बंद होने से एक उड़ान को कराची (पाकिस्तान) की ओर मोड़ दिया गया, जिसके चलते आठ भारतीय यात्री वहां फंसे हुए हैं। इनमें से तीन लोग केरल के निवासी हैं। यह जानकारी रविवार को केरल सरकार की प्रवासी मामलों से जुड़ी एजेंसी नोरका रूट्स (Norka Roots) ने दी।
अधिकारियों के अनुसार, केरल के पलक्कड़ जिले के रहने वाले कृष्णदास, उनकी पत्नी डॉ. रेश्मी मेनन और उनकी तीन वर्षीय बेटी स्मृति मेनन इस उड़ान में सवार थे। वे अजरबैजान के बाकू से शारजाह के रास्ते कुवैत जा रहे थे। यह यात्रा एयर अरेबिया की उड़ान से की जा रही थी। बताया गया है कि अन्य भारतीय यात्री भी उसी विमान में थे। मध्य पूर्व में तनाव के चलते हवाई मार्ग बंद कर दिए जाने के कारण विमान को कराची में उतारना पड़ा। खाड़ी देशों के लिए उड़ान सेवाएं अभी भी प्रभावित हैं, इसलिए सभी यात्री कराची हवाई अड्डे पर ही रुके हुए हैं।
नोरका रूट्स ने क्या बताया
नोरका रूट्स ने कहा है कि वह विदेश मंत्रालय (MEA) के संपर्क में है और यात्रियों को सुरक्षित भारत लाने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें कोलंबो के रास्ते भारत लाने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है। इसके अलावा, खाड़ी क्षेत्र में चल रहे हालात से प्रभावित प्रवासियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए एक हेल्पडेस्क भी शुरू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने लिखा प्रधानमंत्री मोदी को पत्र
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा और इस स्थिति में हस्तक्षेप की मांग की। मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि ईरान पर हाल ही में हुए हमले के बाद खाड़ी क्षेत्र के देशों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने लिखा कि कई केरल निवासी खाड़ी देशों में रह रहे हैं और उनके परिवार तथा आम नागरिक इस स्थिति को लेकर चिंतित हैं। इसलिए, प्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैयार रहना आवश्यक है, जिसमें जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित रूप से भारत लाने की व्यवस्था भी शामिल हो।
उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से लेगी। विजयन ने पत्र में दोहराया कि केरल सरकार नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर संभव सहायता देने को तैयार है। इसमें प्रवासियों के परिवारों के लिए हेल्पलाइन सुविधा उपलब्ध कराना भी शामिल है। गौरतलब है क, हाल ही में इजरायल ने ईरान पर हमला किया, जिसके जवाब में ईरान ने इजरायल के साथ-साथ बहरीन, यूएई, कुवैत और कतर में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इस संघर्ष के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
