Indian Navy: भारतीय नौसेना ने सोमालिया तट पर हाईजैक किए गए जहाज को समुद्री लुटेरों से छुड़ा लिया है। यह जानकारी रक्षा अधिकारियों की ओर से दी गई है। रक्षा अधिकारियों ने बताया कि नौसेना के मार्कोस कमांडो ने हाईजैक जहाज पर सवार सभी 21 चालक दल (15 भारतीयों सहित) को सुरक्षित निकाल लिया है। नौसेना ने बताया कि मालवाहक जहाज एमवी लीला नॉरफोक अब उसकी सुरक्षा निगरानी में है और उसे अगले बंदरगाह तक पहुंचाया जा रहा है।
नौसेना के मुताबिक, हाईजैक विमान एमवी लीला पर कोई भी समुद्री लुटेरा नहीं मिला है। अधिकारियों का कहना है कि मार्कोस कमांडो की ओर से जारी की गई चेतावनी के बाद संभवत: समुद्री डाकुओं ने जहाज छोड़ दिया था। बता दें, जहाज के हाईजैक होने की खबर आते ही भारतीय नौसेना ने INS चेन्नई को सोमालिया तट के लिए रवाना किया था।
INS चेन्नई जहाज के साथ
नौसेना के मुताबिक, आईएनएस चेन्नई एमवी लीला नॉरफोक जहाज के आसपास ही है और बिजली उत्पादन और प्रणोदन को बहाल करने और अगले बंदरगाह तक अपनी यात्रा शुरू करने के लिए सहायता प्रदान कर रहा है। बता दें, INS चेन्नई ने जहाज के पास पहुंचते ही अपने हेलीकॉप्टर लॉन्च कर दिए थे है और मार्कोस कमांडो ने जहाज के अंदर घुसकर समुद्री डाकुओं को जहाज छोड़ने की चेतावनी दी थी।
ऐसे चलाया गया अभियान
भारतीय नौसेना ने जानकारी देते हुए कहा कि इस पूरे अभियान पर नौसेना मुख्यालय कड़ी नजर रख रहा था। मार्कोस कमांडो ने सबसे पहले अगवा किए गए जहाज की ऊपरी डेक को पूरी तरह से साफ किया और इसके बाद जहाज के अन्य हिस्सों में अभियान चलाया। नौसेना के बताया कि दोपहर 3:15 बजे हाईजैक विमान को रोक लिया गया था। एमवी को समुद्री गश्ती विमान, प्रीडेटर एमक्यू9बी और इंटीग्रल हेलोस का उपयोग करके निरंतर निगरानी में रखा गया था।
समुद्री डाकुओं ने किया था अगवा
इससे पहले नौसेना की ओर से जानकारी दी गई थी कि सोमालिया तट से 300 मील पूर्व में समुद्री डाकुओं ने एक जहाज को अगवा कर लिया। इस जहाज पर लाइबेरिया का झंडा लगा है। जहाज पर भारतीय क्रू मेंबर के 15 सदस्य भी सवार हैं। समुद्री डाकुओं ने उन्हें भी बंधक बना लिया है। इसक जानकारी मिलने के तुरंत बाद नौसेना एक्शन में आग गई और आईएनएस चेन्नई को तुरंत सोमालिया तट के लिए रवाना कर दिया गया।
अरब सागर में तैनात हुए नौसेना के चार युद्धपोत
उधर, रक्षा अधिकारियों ने बताया कि भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने अरब सागर में सक्रिय भारतीय युद्धपोतों को समुद्री लुटेरों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर हमलों को रोकने के लिए अरब सागर में भारतीय नौसेना के चार युद्धपोत तैनात किए गए हैं।
