India US Ties: विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि भारत-अमेरिका साझेदारी ने कई बदलावों और चुनौतियों का सामना किया है। साथ ही भरोसा जताया कि अमेरिका के साथ हमारे संबंध आगे बढ़ते रहेंगे। विदेश मंत्रालय का यह बयान डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय सामानों पर लगाए गए 25 फीसदी टैरिफ की घोषणा के दो दिन बाद आया।
विदेश मंत्रालय ने क्या कुछ कहा?
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि भारत और अमेरिका के बीच साझा हितों, लोकतांत्रिक मूल्यों और लोगों से लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है। इस साझेदारी ने कई बदलावों और चुनौतियों का सामना किया है। हम उस ठोस एजेंडे पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं जिसके लिए भारत और अमेरिका प्रतिबद्ध हैं और हमें पूरा भरोसा है कि अमेरिका के साथ हमारे संबंध आगे बढ़ते रहेंगे।
जायसवाल ने कहा कि अमेरिका के साथ हमारे मजबूत रक्षा संबंध हैं, जो पिछले कई वर्षों से और मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच रक्षा साझेदारी के और आगे बढ़ने की संभावना है।
ट्रंप का 25 फीसदी वाला टैरिफ बम
सनद रहे कि ट्रंप ने एक अगस्त से भारत से आने वाले सभी सामानों पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान किया। उन्होंने बुधवार को ब्रिक्स समूह व नई दिल्ली के साथ 'भारी' व्यापार घाटे का हवाला दिया था और कहा था कि अमेरिका इस समय भारत के साथ बातचीत कर रहा है। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कहा था, ''हम अभी बातचीत कर रहे हैं और इसमें ब्रिक्स का मसला भी शामिल है। आप जानते हैं, ब्रिक्स मूलतः अमेरिका विरोधी देशों का एक समूह है और भारत इसका सदस्य है। यह अमेरिकी मुद्रा पर हमला है और हम किसी को भी ऐसा नहीं करने देंगे।''
