देश

ओमान तट के पास जहाज पर हुए हमले को लेकर सरकार सख्त, अमेरिकी राजनयिक को तलब कर जताया कड़ा विरोध; 3 भारतीय हैं लापता

Iran US Conflict: ओमान तट के पास एक वाणिज्यिक जहाज पर हमला हुआ है। इस मामले पर भारतीय दूतावास अपनी पैनी नजर रख रहा है। हमले के बाद तीन भारतीय लापता बताए जा रहे हैं।

Image

ओमान तट के पास जहाज पर हुए हमले को लेकर सरकार सख्त, अमेरिकी राजनयिक को तलब कर जताया कड़ा विरोध; 3 भारतीय हैं लापता

Iran US Conflict: ओमान तट के पास एक वाणिज्यिक जहाज पर हमला हुआ है। इस मामले को लेकर भारत ने अमेरिकी राजनयिक जेसन मीक्स (Jason Meeks) को तलब किया और भारतीयों की मौजूदगी वाले वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

अपनी प्रतिक्रिया में नई दिल्ली ने कहा कि पश्चिम एशिया में वाणिज्यिक जहाज और असैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए, और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर बिना किसी रुकावट के आवाजाही जल्द से जल्द बहाल की जानी चाहिए।

भारत ने की हमले की निंदा

भारत ने ओमान तट के पास जहाज पर हुए हमले की कड़ी निंदा की। इस जहाज पर भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे। हमले के बाद तीन भारतीय लापता बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया गया है।

विदेश मंत्रालय (MEA) ने बुधवार को कहा कि वह पूरे मामले पर करीबी नजर बनाए हुए है और लापता भारतीयों का पता लगाने के लिए क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। मंत्रालय ने कहा कि नागरिक जहाजों और नाविकों को निशाना बनाना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

दूतावास की पैनी निगाह

भारतीय दूतावास ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि वह इस मामले में स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। हालांकि और कोई जानकारी साझा नहीं की गई। पोस्ट में कहा गया, ''हमें ओमान के तट के पास एक जहाज से जुड़ी घटना के बारे में पता चला है। हम स्थिति पर पैनी नजर रख रहे हैं और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। हम जल्द ही और विवरण साझा करेंगे।''

यह घटना ऐसे समय हुई है जब ओमान की खाड़ी और होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) के आसपास वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं। यह क्षेत्र दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है। क्षेत्र में हाल ही में एक अन्य जहाज पर हुए हमले के दौरान चालक दल के सदस्यों ने आपातकालीन एसओएस संदेश भेजे थे। उन्होंने जहाज में आग लगने और उसके ढांचे को गंभीर नुकसान पहुंचने की जानकारी दी थी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article