Pakistan Army Helicopter Crashed: पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में पाकिस्तानी सेना का Mi-17 हेलीकॉप्टर बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि हादसा मुजफ्फराबाद के पास दोपहर लगभग 1:45 बजे हुआ। इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी की मौत हो गई।
क्या पुल से टकराया हेलीकॉप्टर?
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सुबह से ही पाकिस्तानी सेना के हेलीकॉप्टर क्षेत्र में निगरानी के लिए उड़ान भर रहे थे और शौकत लाइन नीलम ग्राउंड में उतर रहे थे। सूत्रों के अनुसार, लैंडिंग के दौरान एक हेलीकॉप्टर साहिली सरकार दरगाह के सामने नीलम नदी पर बने एक पुल से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा 'इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस' (ISPR) ने एक बयान में कहा, ''इस हादसे में कोई भी जीवित नहीं बच पाया।''
हेलीकॉप्टर में सवार सभी की मौत
पाकिस्तानी सेना ने एक बयान जारी कहा कि पाकिस्तान आर्मी एविएशन का एक Mi-17 हेलीकॉप्टर मुजफ्फराबाद के पास उड़ान भरने (टेक-ऑफ) के दौरान तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में सवार सभी सैन्यकर्मी मारे गए हैं। इस हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा। दुर्घटना के तुरंत बाद बचाव और राहत दल घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे की असली तकनीकी वजहों का पता लगाने के लिए जांच बोर्ड (Board of Inquiry) गठित करने का आदेश दिया गया है।
आईएसपीआर ने कहा कि सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और सेना के अधिकारियों ने 'लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया और शोक-संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट की'।
गिलगित-बाल्टिस्तान में भी क्रैश हुआ था हेलीकॉप्टर
इससे पहले, सितबंर 2025 में गिलगित-बाल्टिस्तान के दियामेर जिले में तकनीकी खराबी के चलते पाकिस्तानी सेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें पांच कर्मियों की मौत हो गई थी। अगस्त 2025 में खैबर पख्तूनख्वा सरकार का एक हेलीकॉप्टर मोहमंद जिले में खराब मौसम के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें दो पायलट और चालक दल के तीन सदस्यों की मौत हो गई थी।
