Narendra Modi letter : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को देशवासियों को लिखे पत्र में कहा कि भगवान राम सत्य के मार्ग पर चलने की शिक्षा और अन्याय से लड़ने का साहस देते हैं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत न केवल सही राह पर आगे बढ़ा बल्कि अन्याय का बदला भी लिया। नागरिकों को संबोधित पत्र में पीएम ने कहा कि यह दीपावली विशेष है क्योंकि पहली बार ऐसे कई जिलों में दीये जलाए जाएंगे जहां नक्सलवाद का सफाया हो चुका है। भारत अनेक संकटों से गुजर रहे विश्व में स्थिरता और संवेदनशीलता का प्रतीक बनकर उभरा है।
भोजन में तेल का प्रयोग 10% कम करने की अपील
पीएम ने कहा कि हम निकट भविष्य में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से स्वदेशी अपनाने, सभी भाषाओं का सम्मान करने, स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने, भोजन में तेल का प्रयोग 10 प्रतिशत कम करने और योग अपनाने का आग्रह किया।
स्वदेशी को अपनाएं देश के लोग-पीएम
उन्होंने नागरिकों से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को बढ़ावा देने के लिए स्वदेशी अपनाने, सभी भाषाओं का सम्मान करने, स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और योग को अपनाने का भी आग्रह किया। मोदी ने कहा, ‘ये सभी प्रयास हमें विकसित भारत की ओर तेज़ी से ले जाएंगे।’उन्होंने कहा, ‘मैं आप सभी को ऊर्जा और उत्साह से भरे पावन पर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। अयोध्या में राम मंदिर के भव्य निर्माण के बाद यह दूसरी दीपावली है।’
'ऑपरेशन सिंदूर में दिखा अन्याय से लड़ने का साहस'
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘भगवान श्री राम हमें मर्यादा का पालन करना सिखाते हैं और अन्याय से लड़ने का साहस भी देते हैं। इसका जीता जागता उदाहरण हमने कुछ महीने पहले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देखा था। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने न केवल धर्म का पालन किया बल्कि अन्याय का बदला भी लिया।’ उन्होंने कहा कि यह दीपावली खास है क्योंकि पहली बार देश भर के कई जिलों में, जिनमें दूरदराज के इलाके भी शामिल हैं, दीप जलाए जाएंगे।
उन्होंने कहा,‘ये वे जिले हैं जहां नक्सलवाद और माओवादी आतंकवाद का जड़ से सफाया हो चुका है। हाल के दिनों में हमने कई लोगों को हिंसा का रास्ता छोड़कर, हमारे देश के संविधान में आस्था व्यक्त करते हुए विकास की मुख्यधारा में शामिल होते देखा है। यह राष्ट्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।’
