KGMU Nursing Officer Vacancy 2023: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) की नर्सिंग भर्ती 2023 को लेकर चल रही जांच में एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है, मीडिया रिपोर्टस के दावे के अनुसार, इस जांच में पाया गया है कि 1276 पदों के लिए हुई इस भर्ती में 500 से ज्यादा उम्मीदवार जयपुर की एक ही कोचिंग से हैं। यही वजह है कि अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बता दें, मामले की जांच स्पेशल टास्क फोर्स (STF) कर रही है। जांच एजेंसी भर्ती से जुड़े दस्तावेजों के साथ-साथ परीक्षा प्रक्रिया और कोचिंग कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है।
KGMU Nursing Officer Bharti के लिए कुल 1276 पद निकाले गए थे, जिसके लिए बड़ी मात्रा में आवेदन आए थे। लेकिन एक ही संस्थान से इतनी बड़ी संख्या में सेलेक्शन होना यह दुर्लभ है। यही वजह है कि एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इसके पीछे सामान्य तैयारी थी या इसके पीछे कोई और वजह भी हो सकती है।
STF इस पहलू की भी जांच कर रही है कि भर्ती प्रक्रिया में नियमों का पालन सही तरीके से हुआ है या नहीं। बता दें, अगर कोचिंग और भर्ती प्रक्रिया के बीच किसी तरह का गलत कनेक्शन पाया गया तो उस स्थिति में सेलेक्टेड लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: UP Principal Vacancy 2026: आवेदन शुरू होने से पहले नए नियमों पर बवाल, शिक्षकों ने हाईकोर्ट का रुख किया
यह जांच केवल अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं
STF की जांच केवल अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं है। भर्ती प्रक्रिया को पूरा कराने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसी यह देखने में जुटी है कि दस्तावेजों की जांच, चयन और दूसरी प्रक्रियाओं में कहीं किसी स्तर पर नियमों की अनदेखी तो नहीं हुई।
जांच के दौरान दस्तावेजों के अलावा इलेक्ट्रॉनिक डेटा को भी जुटाया जा रहा है। कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल इंफॉर्मेशन को जांच का हिस्सा बनाया गया है। फिलहाल जांच अभी जारी है। दस्तावेजों, चयन प्रक्रिया और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच चल रही है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, यह साफ होगा कि भर्ती में वास्तव में किसी तरह की गड़बड़ी हुई थी या नहीं। अगर कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो यह साफ है कि मुद्दा लंबा खिंचेगा।
मामले में जिम्मेदार लोगों की भूमिका सामने आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल चयनित उम्मीदवारों के लिए भी जांच के नतीजे अहम होंगे।
