देश

विपक्षी दलों के हल्ला बोल के बीच 42 पूर्व जजों ने लिखा खुला पत्र, EC को बदनाम करने की कोशिशों पर जताई चिंता

CEC Row: 40 से ज्यादा पूर्व जजों ने एक खुला पत्र लिखकर चुनाव आयोग द्वारा की गई एसआईआर प्रक्रिया का बचाव किया। साथ ही, कहा कि संस्थाओं की आलोचना करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन उन्हें बदनाम करना नहीं।

Image

चुनाव आयोग (फाइल फोटो)

Photo : ANI

CEC Row: देश में विपक्षी दलों की राजनीति चुनाव आयोग के इर्द-गिर्द घूम रही है। पिछले कुछ दिनों से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच, 40 से ज्यादा पूर्व जजों ने चुनाव आयोग, न्यायपालिका और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने के कथित प्रयासों पर गंभीर चिंता जताते हुए एक खुला पत्र लिखा।

पूर्व जजों ने कहा कि बिना किसी ठोस सबूत के लगातार 'वोट चोरी' जैसे आरोप लगाना और संवैधानिक संस्थाओं को 'चोर' या 'समझौता करने वाला' बताना लोकतंत्र में जनता के भरोसे को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा, ''संस्थाओं की आलोचना करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन उन्हें बदनाम करना नहीं।''

पूर्व जजों ने SIR का किया बचाव

42 जजों ने खुले पत्र में कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की आलोचना करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन उन्हें बदनाम करना उचित नहीं है। उन्होंने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का भी बचाव किया। उन्होंने कहा कि यह मतदाता सूचियों को स्वच्छ और सटीक बनाने के मकसद से कानून के तहत की जाने वाली एक प्रक्रिया है।

पत्र में कहा गया कि लोकतंत्र में भरोसा सबसे महत्वपूर्ण आधार है। चुनावों की विश्वसनीयता पर लगातार सवाल उठाकर उन्हें अवैध ठहराने की कोशिश से सामाजिक अस्थिरता बढ़ सकती है और अराजक तत्वों को प्रोत्साहन मिल सकता है।

CEC के खिलाफ विपक्षी दलों का प्रदर्शन

पिछले तीन दिनों से विपक्षी दलों का सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन चल रहा है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में विपक्षी दलों के सांसदों ने मंगलवार को चुनाव आयोग का घेराव करने की कोशिश की, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें आकाशवाणी के पास रोक दिया और बाद में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में ले लिया गया।

इसके बाद, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को विपक्षी दलों के सांसदों को कनॉट प्लेस में लंच पर बुलाया और वहां से सीधे जंतर-मंतर स्थित धरना स्थल की ओर रुख किया, लेकिन धरना स्थल से कुछ दूरी पर एक बार फिर राहुल-प्रियंका को हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई, जिसमें पुलिस के साथ मारपीट के आरोप लगाए गए।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article