IT सेक्टर की कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने गुरुवार को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही का रिजल्ट पेश किया। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मुनाफा 15% बढ़कर ₹13,884 करोड़ रहा। एक साल पहले कंपनी का मुनाफा ₹12,075 करोड़ था। कंपनी के बोर्ड ने अपने शेयरधारकों के लिए वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ₹12 प्रति शेयर का दूसरा अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है।
कॉन्स्टेंट करेंसी के हिसाब से, रेवेन्यू तिमाही-दर-तिमाही 0.5% बढ़ा। ऑपरेटिंग मार्जिन 24% रहा, जबकि नेट मार्जिन 19% रहा। CEO और MD के कृतिवासन ने कहा कि कंपनी ने इंटरनेशनल मार्केट और ज्यादातर इंडस्ट्री सेगमेंट में बड़े पैमाने पर ग्रोथ देखी। उन्होंने कहा कि पोर्श और बेस्ट बाय डील्स ट्रांसफॉर्मेशन पार्टनरशिप की एक नई कैटेगरी को दिखाती हैं और TCS बड़े पैमाने पर AI को इंडस्ट्रियलाइज़ करने के लिए क्लाइंट्स के साथ रिपीटेबल प्लेटफॉर्म बना रही है।
परिचालन आय में अच्छी बढ़ोतरी
आईटी सेवा कंपनी ने बृहस्पतिवार को कहा कि जुलाई-सितंबर अवधि में उसकी परिचालन आय 11.22 प्रतिशत बढ़कर 73,188 करोड़ रुपये हो गई जो एक साल पहले की समान अवधि में 65,799 करोड़ रुपये थी। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का राजस्व 72,275 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी का कुल खर्च समीक्षाधीन तिमाही में बढ़कर 55,887 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 49,463 करोड़ रुपये और अप्रैल-जून तिमाही में 55,231 करोड़ रुपये था। टीसीएस ने पिछले तीन माह में शुद्ध आधार पर 4,258 कर्मचारी जोड़े हैं। कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या 30 सितंबर तक बढ़कर 5,98,056 हो गई।
AI से कमाई में बढ़ोतरी
TCS ने बताया कि दूसरी तिमाही (Q2) में सालाना AI रेवेन्यू $3.1 बिलियन तक पहुंच गया और कुल रेवेन्यू का 10% से ज्यादा हो गया। कंपनी की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, प्रेसिडेंट और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर आरती सुब्रमण्यन ने कहा कि AI के क्षेत्र में तेज़ी बनी हुई है। AI-नेटिव सॉल्यूशंस, AI-आधारित एंटरप्राइज ट्रांसफॉर्मेशन, ऑटोनॉमस ग्लोबल बिजनेस सर्विसेज़ और साइबर सिक्योरिटी से इसकी मांग आ रही है। इस तिमाही में कंपनी के कुल कॉन्ट्रैक्ट की वैल्यू $9.6 बिलियन रही, जिससे IT की कमजोर मांग वाले माहौल में भी आगे की स्थिति साफ नजर आती है।
