देश

'वर्दी फाड़ी, नेमप्लेट तोड़ी, जमीन पर गिराकर पीटा...', INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन में पुलिसकर्मियों का छलका दर्द, तीन FIR दर्ज

Delhi Police Personnel Assault: बुधवार को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ हुए कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के कई जवानों ने प्रदर्शनकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिसकर्मियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की की गई, नेमप्लेट तोड़ी गई और वर्दी तक फाड़ी गई।

Image

दिल्ली पुलिस के जवानों की आपबीती उड़ा देगी होश! (फाइल फोटो)

Delhi Police Personnel Assault: दिल्ली में बुधवार को 'इंडिया' गठबंधन (India bloc rajghat march) के प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहे दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के जवानों पर हमले का गंभीर मामला सामने आया है। कई पुलिसकर्मियों ने खुलकर अपनी आपबीती सुनाई है, जिसमें प्रदर्शनकारियों द्वारा उनके साथ मारपीट और बदसलूकी करने के आरोप लगाए गए हैं।

कांस्टेबल देवेंद्र संधू ने बताया कि वे शांतिपूर्वक तरीके से भीड़ को धारा 163 लागू होने की बात समझा रहे थे और बसों में बैठने का अनुरोध कर रहे थे। लेकिन प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर उनकी नेमप्लेट तोड़ दी, टोपियां छीन लीं और पीछे से खींचकर नीचे गिरा दिया। संधू के मुताबिक, इस हाथापाई में उनकी कमर और सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आईं।

पुलिसकर्मियों ने लगाए मारपीट के आरोप

वहीं, एक अन्य कॉन्स्टेबल अंकित कसाना ने तो और भी चौंकाने वाला आरोप लगाया है। उनका कहना है कि राहुल गांधी की गाड़ी को सुरक्षित निकालने के दौरान 30 से 35 लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया, उनके साथ गाली-गलौज की, वर्दी फाड़ी और यहां तक कि उन्हें काटा भी। इस घटना के बाद कांस्टेबल कसाना को मेडिकल जांच के लिए राम मनोहर Lohia (RML) अस्पताल ले जाया गया था।

पुलिस ने दर्ज की तीन FIR

हेड कांस्टेबल भूपेंद्र अहलावत और एक महिला कॉन्स्टेबल ने भी ड्यूटी के दौरान इसी तरह की बदसलूकी और धक्का-मुक्की का सामना करने की बात कही है। दूसरी ओर, इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने और दुर्व्यवहार करने के आरोप में तीन एफआईआर दर्ज कर ली हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article