देश

राहुल के सामने तेजस्वी का गुणगान, राजद नेता को बताया 'जननायक', रिश्ते के 'खटास' को दूर करना चाहते हैं पप्पू यादव?

चुनाव से पहले तेजस्वी की तारीफ कर पप्पू यादव राजद के साथ अपना रिश्ता सुधारना चाहते हैं क्योंकि वह कई मौकों पर तेजस्वी को अनुभवहीन बता और परिवारवाद को लेकर उनकी आलोचना कर चुके हैं। पूर्णिया से सांसद तेजस्वी के साथ रिश्ते में आई खटास को दूर करने की कोशिश कर रहे हैं। जानकार मानते हैं कि पप्पू का यह रुख व्यक्तिगत रिश्तों को बेहतर बनाने का प्रयास है।

Image

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद हैं पप्पू यादव। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Pappu Yadav : बिहार में इन दिनों महागठबंधन की 'वोट अधिकार यात्रा' चल रही है। इस यात्रा की अगुवाई तो कांग्रेस सांसद राहुल गांधी कर रहे हैं लेकिन राजद नेता तेजस्वी यादव की उनके साथ मौजूदगी यात्रा को और चटकीला बना रही है। यात्रा को महागठबंधन के अन्य दलों और नेताओं से समर्थन भी मिल रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने तेजस्वी के बारे में बड़ा बयान दिया। रविवार को वोटर अधिकार यात्रा के दौरान पप्पू यादव उनकी गाड़ी पर सवार हुए। रिपोर्टों के मुताबिक इस दौरान पप्पू यादव ने तेजस्वी यादव की जमकर तारीफ की और उन्हें 'जननायक' बताया।

पप्पू की राजनीतिक जमीन मजबूत करने की रणनीति

समझा जा रहा है कि चुनाव से पहले तेजस्वी की तारीफ कर पप्पू यादव राजद के साथ अपना रिश्ता सुधारना चाहते हैं क्योंकि वह कई मौकों पर तेजस्वी को अनुभवहीन बता और परिवारवाद को लेकर उनकी आलोचना कर चुके हैं। पूर्णिया से सांसद तेजस्वी के साथ रिश्ते में आई खटास को दूर करने की कोशिश कर रहे हैं। जानकार मानते हैं कि पप्पू का यह रुख न केवल व्यक्तिगत रिश्तों को बेहतर बनाने के प्रयास हैं, बल्कि 2025 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर राजनीतिक जमीन मजबूत करने की रणनीति भी है।

17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई थी यात्रा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव रविवार को ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर पूर्णिया जिले के अररिया की सड़कों से गुजरे। कुल 1,300 किलोमीटर की यह यात्रा 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई थी। यह 16 दिन की अवधि में 20 से अधिक जिलों से होकर गुजरेगी और एक सितंबर को पटना में एक रैली के साथ समाप्त होगी। लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी और यादव यात्रा के अररिया पहुंचने पर मोटरसाइकिल चलाते नजर आए और दोनों नेताओं को देखने के लिए सड़कों पर लोगों की कतारें लगी रहीं।

राहुल कर रहे यात्रा का नेतृत्व

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और राजद नेता बाद में अररिया में ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन के अन्य नेताओं के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी ने कटिहार जिले में शनिवार शाम एक रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया था कि केंद्र में सत्ता में आने के बाद से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गरीब तबकों के लिए अवसरों के दरवाजे बंद कर दिए हैं और अब वह बिहार में ‘वोट चुराने’ की कोशिश कर रही है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया था कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का मानना है कि दलितों का उत्थान नहीं होना चाहिए, अति पिछड़ों को सामाजिक सीढ़ी पर ऊपर नहीं चढ़ने देना चाहिए और महिलाओं को अधिक स्वतंत्रता नहीं दी जानी चाहिए।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!