देश

अगर BJP 370 सीटें नहीं जीत सकी, तो क्या मोदी शपथ लेने से इनकार कर देंगे...कांग्रेस ने दागा सवाल

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 6, 2024, 06:59 AM IST

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री को कांग्रेस पार्टी का नाम लिए बिना नींद नहीं आती। खरगे ने कहा कि उन्होंने परिवारवाद के बारे में बात की, हमारे नेताओं ने देश के लिए अपनी जान दी है।

Image

कांग्रेस का पीएम मोदी पर निशाना

BJP 370 Seats: कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव में 370 सीट जीतने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दावे को लेकर उन पर कटाक्ष किया। कांग्रेस ने पूछा कि अगर भाजपा को दावे से कम सीट मिलीं तो क्या मोदी शपथ लेने से इनकार कर देंगे। मुख्य विपक्षी दल ने पूर्व प्रधानमंत्रियों जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी पर बार-बार किए जाने वाले हमलों के लिए भी मोदी की आलोचना की और कहा कि अगर वह दावा की गई सीट की आधी संख्या के करीब भी पहुंचना चाहते हैं तो उन्हें अपनी भाषण कला में सुधार करने की जरूरत है।

राहुल का पीएम मोदी पर निशाना

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्विटर पर एक पोस्ट में कहा, प्रधानमंत्री इस बीच अक्सर कह रहे थे कि देश में सिर्फ दो जातियां हैं - अमीर और गरीब, मगर आज संसद में उन्होंने खुद को सबसे बड़ा ओबीसी बताया। उन्होंने कहा कि किसी को छोटा और किसी को बड़ा समझने की इस मानसिकता को बदलना ज़रूरी है। ओबीसी हों, दलित हों या आदिवासी, बिना गिनती के उन्हें आर्थिक और सामाजिक न्याय नहीं दिलाया जा सकता। मोदी जी इधर-उधर की इतनी बातें करते हैं, तो गिनती (जाति जनगणना) से क्यों डरते हैं?

मल्लिकार्जुन खरगे ने भी घेरा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री को कांग्रेस पार्टी का नाम लिए बिना नींद नहीं आती। खरगे ने कहा कि उन्होंने परिवारवाद के बारे में बात की, हमारे नेताओं ने देश के लिए अपनी जान दी है। खरगे ने ट्विटर पर कहा, मैं मोदीजी से पूछना चाहता हूं - आपकी पार्टी या आपके राजनीतिक वंशजों में से किसने देश की आजादी, एकता और अखंडता के लिए अपनी जान दी है। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि खुद को सबसे बड़ा ओबीसी बताकर प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्र सरकार सहित सभी क्षेत्रों में ओबीसी के पूर्ण रूप से कम प्रतिनिधित्व की कड़वी सच्चाई को खारिज करने के अलावा कुछ नहीं किया है।

तो क्या वह शपथ नहीं लेंगे मोदी....

कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने मोदी पर कटाक्ष करते हुए पूछा कि अगर उनकी पार्टी चुनाव में 370 सीट का आंकड़ा हासिल करने से चूक गई, तो क्या वह शपथ नहीं लेंगे। उन्होंने कहा, अगर वे 370 का आंकड़ा नहीं छूते, तो क्या मोदी शपथ नहीं लेंगे? उन्हें पहले जवाब देना चाहिए। भाजपा का इस तरह का सपना हमेशा विफल रहा है। उन्होंने 2004 के लोकसभा चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के नारे की ओर इशारा करते हुए कहा, अब 'इंडिया शाइनिंग' पार्ट दो होने जा रहा है।

जयराम रमेश बोले, मोदानी का दौर जाने वाला है

वहीं, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, देश के युवा कह रहे हैं कि मोदी जी का आज संसद में प्रधानमंत्री के तौर पर आख़िरी भाषण था। बाय बाय मोदी नंबर-1 पर ट्रेंड कर रहा है। अब लोग आपके जुमले सुन-सुन कर थक गए हैं। मोदानी का दौर जाने वाला है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article