दुनिया

बांग्लादेश सरकार को नहीं है शेख हसीने के लौटने की बात पर भरोसा, कहा- ये सिर्फ राजनीतिक दिखावा

बांग्लादेश सरकार ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी की मंशा को खारिज करते हुए उनकी हालिया गतिविधियों को केवल "राजनीतिक दिखावा" करार दिया है।

Image

बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना (फाइल फोटो- PTI)

बांग्लादेश सरकार ने सोमवार को कहा कि अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश लौटने की कोई मंशा नहीं है और उनकी हालिया गतिविधियां ’’केवल राजनीतिक दिखावा’’ है। ’द डेली स्टार’ अखबार ने मुख्य अभियोजक के हवाले से कहा कि विभिन्न मीडिया माध्यमों से पता चलने वाली उनकी हालिया गतिविधियां महज राजनीतिक दिखावा है। मुख्य अभियोजक ने अपने कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि वह बांग्लादेश लौटने के लिए आवश्यक कानूनी उपाय नहीं कर रही हैं।

हसीना ने की है पासपोर्ट की मांग

उनकी यह टिप्पणी मुख्य अभियोजक मो. अमीनुल इस्लाम ने उस वक्त की, जब ऐसी खबरें सामने आईं कि हसीना ने भारत से अपनी वापसी के लिए नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी किये जाने का अनुरोध किया है। वह अगस्त 2024 में बांग्लादेश से भारत चली आई थीं। उस समय छात्रों के नेतृत्व में हुए एक विद्रोह के कारण उनकी अवामी लीग सरकार गिर गई थी।

बांग्लादेश सरकार को नहीं है हसीना के लौटने की बात पर भरोसा

मीडिया की उन खबरों के बारे में पूछे जाने पर कि हसीना ने नये पासपोर्ट के लिए आवेदन किया है, इस्लाम ने कहा, ’’फिलहाल हमारा यही कहना है कि वह वापस नहीं आएंगी और ये सब गतिविधियां केवल राजनीतिक दिखावा है।’’ विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने बृहस्पतिवार को हसीना को कोई भी यात्रा दस्तावेज या पासपोर्ट जारी करने की संभावना को खारिज कर दिया। उन्होंने हसीना को ’’भगोड़ा आतंकवादी’’ और ’’तानाशाह’’ करार दिया।

हसीना कर चुकी है बांग्लादेश वापसी का ऐलान

हाल में हसीना ने कहा था कि वह दिसंबर में बांग्लादेश लौटने का इरादा रखती हैं, भले ही उन्हें गंभीर कानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़े। इनमें 2024 में प्रदर्शनकारियों पर हुई घातक कार्रवाई के मामले में एक विशेष अधिकरण द्वारा उनकी अनुपस्थिति में सुनाई गई मौत की सजा भी शामिल है।

उन्होंने इस कार्यवाही की वैधता पर सवाल उठाए हैं।

बांग्लादेश ने भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग भी की है, जहां वर्तमान में वह रह रही हैं। भारत ने स्वीकार किया है कि उसे हसीना के प्रत्यर्पण के लिए बांग्लादेश से अनुरोध प्राप्त हुए हैं, लेकिन उन्हें वापस भेजने के बारे में अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इन अनुरोधों की जांच स्थापित प्रक्रियाओं के तहत की जा रही है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article