आज की ताजा खबर, 13 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: कर्नाटक में आज अनेक कार्यक्रमों में भाग लेंगे प्रधानमंत्री मोदी...दिल्ली-एनसीआर में सांस लेना दूभर, कई इलाकों में 500 के करीब AQI
आज की ताजा खबर लाइव, 13 नवंबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [प्रधानमंत्री मोदी कर्नाटक], [दिल्ली-एनसीआर प्रदूषण], [इंडिया न्यूज अपडेट] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे, जहां वह पिंक लाइन मेट्रो सेवा, एक वंदे भारत ट्रेन और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित चार रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन सहित कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके अलावा, भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के प्रदूषण के स्रोतों के आकलन के अनुसार, बायोमास जलाना और द्वितीयक कार्बनिक एयरोसोल बृहस्पतिवार को दिल्ली के वायु प्रदूषण के सबसे बड़े कारण रहे। इन दोनों में से प्रत्येक का शहर के कुल प्रदूषण में 25.4 प्रतिशत योगदान रहा। वहीं, अमेरिका की बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के आउटलुक समेत विभिन्न मंचों की सेवाएं बृहस्पतिवार को बड़े पैमाने पर बाधित हो गईं, जिससे कई उपयोगकर्ताओं को अपने ईमेल खातों का इस्तेमाल करने में परेशानी हुई और कंपनी के विभिन्न ऐप के अन्य फीचर भी ठीक से काम नहीं कर रहे थे। पढ़ें- अन्य देश व विदेश की खबरें
आज की ताजा खबर, 13 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: कर्नाटक में आज अनेक कार्यक्रमों में भाग लेंगे प्रधानमंत्री मोदी...दिल्ली-एनसीआर में सांस लेना दूभर, कई इलाकों में 500 के करीब AQI
भारत का चौथे वनडे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला
भारत के नियमित कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल और अंशुल कंबोज टेस्ट श्रृंखला की तैयारी के कारण आखिरी दो वनडे में नहीं खेलेंगे। उनकी जगह रुतुराज गायकवाड, ईशान किशन और कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है।
न्यूजीलैंड ने कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के टेस्ट श्रृंखला की तैयारी में जुट जाने के कारण अपनी टीम में छह बदलाव किए हैं। उसने निक केली, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, फिन एलन, क्रिस्टियन क्लार्क, माइकल ब्रेसवेल और मैट हेनरी को टीम में रखा है।
भारत पांच मैच की श्रृंखला के पहले दो मैच जीतकर 2-0 से आगे है। श्रृंखला का तीसरा मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था।
मध्य जिले में मुठभेड़ के बाद वांछित गैंगस्टर गिरफ्तार : दिल्ली पुलिस
आरोपी प्रकाश उर्फ आकाश, दिल्ली पुलिस के ’एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड’ (एएटीएस) की टीम के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ’’वह नबी करीम थाने का घोषित बदमाश है और सितंबर में सदर बाजार-नबी करीम इलाके में शोभायात्रा के दौरान प्रकाश और विकास कालिया गिरोहों के बीच हुई हिंसक झड़प के मामले में वांछित था।’’
पुलिस इस मामले में आगे की जानकारी एक संवाददाता सम्मेलन में साझा करेगी।
माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल और अन्य ऐप की सेवाएं बड़े पैमाने पर बाधित
सेवाओं में आयी बाधा पर नजर रखने वाली वेबसाइट ’डाउनडिटेक्टर’ के अनुसार, दोपहर एक बजे के कुछ ही देर बाद करीब 1.30 लाख उपयोगकर्ताओं ने आउटलुक (ईमेल सेवा) तक पहुंच में परेशानी की शिकायत की। इसके बाद शिकायतों की संख्या में कमी आई, लेकिन कई उपयोगकर्ताओं ने बताया कि वे न तो ईमेल भेज पा रहे थे और न ही प्राप्त कर पा रहे थे। कुछ उपयोगकर्ताओं को अपना ’इनबॉक्स’ खोलने में भी परेशानी हुई।
माइक्रोसॉफ्ट के कार्यस्थल पर संवाद के लिए इस्तेमाल होने वाले ऐप ’टीम्स’, उसके कृत्रिम मेधा (एआई) सहायक ’कोपायलट’ और माइक्रोसॉफ्ट 365 की अन्य सेवाओं में भी हजारों उपयोगकर्ताओं ने समस्याओं की शिकायत की।
माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि वह अपनी सेवाओं में आई बाधा की जांच कर रही है और खास तौर पर उसकी ईमेल तथा टीम्स सेवाओं में आ रही समस्याओं पर ध्यान दिया जा रहा है।
कंपनी ने बताया कि उसके बुनियादी ढांचे के एक हिस्से पर सामान्य से अधिक दबाव पड़ रहा है, जिससे कनेक्टिविटी संबंधी समस्याएं पैदा होने की आशंका है। माइक्रोसॉफ्ट ने पाया कि कुछ सर्वर अप्रत्याशित रूप से उपलब्ध नहीं हो पा रहे थे। ऐसा एक तकनीकी समस्या के कारण हुआ, जिसकी वजह से वे ’ऑटोमेटेड हेल्थ चेक’ के दौरान काम करना बंद कर रहे थे।
शुरुआत में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि तकनीकी खराबी किस वजह से आई। हालांकि, बाद में माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि वह समस्या को दूर करने के लिए एक समाधान का परीक्षण कर रही है। साथ ही, प्रभावित सर्वर को फिर से चालू करने के लिए स्वचालित जांच की वैकल्पिक प्रक्रिया भी लागू की जा रही है।
माइक्रोसॉफ्ट 365 स्टेटस खाते से सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा गया, ’’हम सेवाओं पर पड़ रहे असर को कम करने के लिए हरसंभव उपाय तेजी से अपना रहे हैं।’’
इससे पहले कंपनी ने कहा था कि उसने उत्तरी अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट टीम्स से जुड़ी समस्याओं को सफलतापूर्वक दूर कर दिया है। हालांकि, इसके बावजूद कुछ उपयोगकर्ताओं ने कनेक्टिविटी संबंधी दिक्कतें जारी रहने की शिकायत की।
कर्नाटक में अनेक कार्यक्रमों में भाग लेंगे प्रधानमंत्री मोदी
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मोदी नई मेट्रो लाइन पर सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे और तवरेकेरे से आईआईएम बैंगलोर मेट्रो स्टेशन तक सवारी करेंगे। इसके अलावा वह बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे तथा एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
बेंगलुरु मेट्रो की कालेना अग्रहारा से तवरेकेरे तक की पिंक लाइन को लगभग 3,470 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है।
वह लगभग 4,450 करोड़ रुपये के निवेश से कोप्पल-2 और गदग-2 में विकसित नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों (फेज-2) के एकीकरण के लिए ट्रांसमिशन योजना और लगभग 1,370 करोड़ रुपये के निवेश से बीदर में सौर ऊर्जा क्षेत्र के लिए विकसित ट्रांसमिशन योजना का भी उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री 3,450 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से दावणगेरे/चित्रदुर्ग और बेल्लारी नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों के एकीकरण के लिए ट्रांसमिशन योजना तथा 1,100 करोड़ रुपये के निवेश से दावणगेरे और बेल्लारी में अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के एकीकरण के लिए ट्रांसमिशन प्रणाली सुदृढ़ीकरण परियोजना की आधारशिला रखेंगे।
बयान में कहा गया है, "प्रधानमंत्री मंगलुरु में 850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित भारत की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण गुफा (कैवर्न) राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 80,000 मीट्रिक टन की भंडारण क्षमता के साथ, यह सुविधा भारत के एलपीजी भंडारण बुनियादी ढांचे को काफी मजबूत करेगी।"
इस परियोजना में न्यू मैंगलोर पोर्ट को मुख्य टर्मिनल से जोड़ने वाली 9.4 किलोमीटर लंबी एलपीजी पाइपलाइन भी शामिल है, जिससे एलपीजी के कुशल परिवहन और भंडारण की सुविधा मिलेगी।
मोदी बेंगलुरु में मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (एमआरपीएल) के देवनगोंथी मार्केटिंग टर्मिनल को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 330 करोड़ रुपये के निवेश से निर्मित यह अत्याधुनिक सुविधा कर्नाटक में पेट्रोलियम उत्पाद भंडारण और वितरण बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी।
वह बेंगलुरु के हरलाकुंटे में गेल के कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्र की आधारशिला रखेंगे। यह संयंत्र 12.6 टन स्वच्छ कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) का उत्पादन करने के लिए प्रतिदिन लगभग 300 टन ठोस कचरे का प्रसंस्करण करेगा।
प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य में चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड के चार पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। साथ ही, वह 284 किलोमीटर लंबी गदग-होसपेट दोहरीकरण परियोजना का हिस्सा बनने वाले 45 किलोमीटर लंबे बागलकोट-वांडल रेलवे लाइन दोहरीकरण खंड का भी उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री द्वारा 55 किलोमीटर लंबे सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट रेलवे खंड के विद्युतीकरण को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।
मोदी बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे, जो बेंगलुरु, तटीय कर्नाटक और गोवा के बीच तेज और आधुनिक रेल संपर्क प्रदान करेगी। बयान के अनुसार इसके बाद वह मैसूरु जाएंगे और ’भारत वन’ में एक पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे। वह इस अवसर पर एक सभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के आवासीय मुख्यालय परिसर, प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेंगे। वह स्वर्ण जयंती प्रशासनिक ब्लॉक की आधारशिला रखेंगे और तिरुवनंतपुरम, केरलम में संस्थान के एक परिसर का उद्घाटन करेंगे।
इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरकार्यवाह एच. वी. शेषाद्रि की जन्म शताब्दी भी मनाई जाएगी।
दिल्ली के कुल प्रदूषण में बायोमास जलाने और कार्बनिक एयरोसोल की 50.8 प्रतिशत हिस्सेदारी
इन दोनों में से प्रत्येक का शहर के कुल प्रदूषण में 25.4 प्रतिशत योगदान रहा।
वाहनों से निकलने वाला धुआं प्रदूषण का तीसरा सबसे बड़ा स्रोत रहा, जिसका योगदान 17 प्रतिशत था। वहीं, द्वितीयक अकार्बनिक एयरोसोल का प्रदूषण में योगदान 11.8 प्रतिशत रहा।
द्वितीयक अकार्बनिक एयरोसोल में नाइट्रेट का योगदान 4.9 प्रतिशत, अमोनिया का 4.1 प्रतिशत और सल्फेट का 2.9 प्रतिशत रहा।
द्वितीयक कार्बनिक एयरोसोल हवा में मौजूद बेहद छोटे ठोस कणों या तरल बूंदों को कहते हैं, जो सीधे किसी स्रोत से उत्सर्जित नहीं होते, बल्कि वायुमंडल में विभिन्न गैसों के बीच होने वाली रासायनिक प्रतिक्रियाओं से बनते हैं।
मिश्रित ईंधन दहन से 10.7 प्रतिशत प्रदूषण हुआ, जबकि पटाखों का योगदान 7.1 प्रतिशत रहा। नगरपालिका के कचरे और प्लास्टिक तथा रबर युक्त कचरे को जलाने से 1.5 प्रतिशत प्रदूषण हुआ। वहीं, खनिज धूल और राख का योगदान 0.9 प्रतिशत तथा औद्योगिक उत्सर्जन का 0.2 प्रतिशत रहा।
गाजियाबाद के छोटा हरिद्वार में छठ महापर्व की शुरुआत , नहाय-खाय पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब
महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए सुरेश रैना, नंदी हॉल में दो घंटे किया मंत्र-जाप
गार्डियन मिनिस्टर संजय सिरसट के घर पर हमला
कटिहार में भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत
महापर्व छठ को लेकर शुभकामनाएं
पवित्र स्नान और सात्विक प्रसाद के साथ आज से चार दिवसीय छठ महापर्व का आरंभ हो रहा है। यह महापर्व स्वच्छता, शुद्धता, अनुशासन और सामूहिकता के मूल्यों का अनुपम उदाहरण है, जो 'सूर्य देव' एवं प्रकृति के प्रति हमारी अगाध श्रद्धा को प्रकट करता है।
छठी मइया सभी व्रतियों को साधना का सामर्थ्य प्रदान करें और हर परिवार पर अपनी कृपा बनाए रखें।
जय छठी मइया!'
अमरावती में माइक्रो फाइनेंस की प्रताड़ना से तंग आकर 45 वर्षीय किसान ने कुएं में कूदकर आत्महत्या की
फ्री गंज रोड पर 'काल' बनकर दौड़ी बेकाबू कार… सड़क किनारे खड़े लोगों और वाहनों को मारी जोरदार टक्कर, वीडियो वायरल
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि रात के समय फ्री गंज रोड पर सामान्य चहल-पहल थी. सड़क किनारे एक आइसक्रीम की ठेली पर कुछ लोग खड़े हैं, जबकि उसके ठीक बगल में एक ई-रिक्शा खड़ा है. तभी दिल्ली की ओर से हापुड़ सिटी की तरफ जा रही एक सफेद रंग की कार मारुति आल्टो अचानक अपना नियंत्रण खो बैठती है. कार लहराते हुए सीधे ठेली के पास खड़े लोगों की तरफ बढ़ती है.
गनीमत रही कि ठेली पर खड़े लोग महज इंच भर के फासले से कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए.जबकि पास खड़े ई-रिक्शा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ई-रिक्शा खिलौने की तरह हवा में उछलता हुआ दूर जा गिरा. इसके बाद तीसरी टक्कर में बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़ी एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और उसे घसीटते हुए सीधे सड़क किनारे रखी कृषि मशीनरी (थ्रेशर आदि) के ढेर से जा टकराई.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और बाइक सवार कार के पिछले हिस्से के नीचे बुरी तरह फंस गया. हादसे की तेज आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके की तरफ दौड़े. वीडियो में देखा जा सकता है कि स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए कार को घेरा और कार के नीचे फंसी बाइक तथा घायल व्यक्तियों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया.
फ्रीगंज रोड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुआ यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खौफनाक अंजाम की गवाही दे रहा है. सीसीटीवी फुटेज में कैद यह तस्वीरें साफ बताती हैं कि अगर ठेली पर खड़े लोग जरा भी न संभलते, तो यह हादसा और भी बड़ा जानलेवा रूप ले सकता था. फिलहाल, स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
