देश

ईडी अधिकारियों पर हमले के बाद गृह मंत्रालय सख्त, ममता सरकार से मांगी रिपोर्ट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 9, 2024, 09:02 PM IST

Home Ministry: ईडी पर हमले के बाद टीएमसी नेता शाहजहां शेख फरार चल रहा है। ईडी ने अंदेशा है कि वह देश छोड़कर भाग सकता है। ऐसे में उसके खिलाफ लुक-आउट नोटिस जारी किया गया है।

Image

गृह मंत्रालय

Photo : ANI

Home Ministry: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पांच जनवरी को राज्य में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दलों पर हुए हमलों को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार से रिपोर्ट मांगी है। गृह मंत्रालय (एमएचए) ने एक संचार में पश्चिम बंगाल सरकार से उन परिस्थितियों पर एक विस्तृत रिपोर्ट भेजने को कहा है, जिनके कारण हमले हुए और ईडी अधिकारी घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से केंद्रीय जांच एजेंसी के दलों पर हमलों के बाद की गई कार्रवाई का विवरण भेजने को भी कहा है।

पांच जनवरी को राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता शाहजहां शेख के परिसर की तलाशी के लिए उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखली गए ईडी के तीन अधिकारियों पर लोगों की भीड़ ने हमला किया। हमले में ईडी अधिकारी घायल हो गए और उनके मोबाइल फोन, लैपटॉप और पर्स लूट लिए गए।

फरार है टीएमसी नेता

इस हमले के बाद टीएसमसी नेता शेख फरार है और ईडी ने उसके खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर (एलसी) जारी किया है, जिसमें देश से उसके बाहर निकलने पर रोक लगाने के लिए सभी भूमि, वायु और समुद्री बंदरगाहों को अलर्ट किया गया है। उसी दिन उक्त जिले के बोनगांव में एक अन्य टीएमसी नेता शंकर आद्या की गिरफ्तारी के दौरान एजेंसी की दूसरी टीम पर हमला किया गया और उनके वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। ईडी के कार्यवाहक निदेशक राहुल नवीन ने एजेंसी के अधिकारियों पर हमले के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार को पश्चिम बंगाल का दौरा किया। सूत्रों ने कहा कि नवीन पश्चिम बंगाल में कथित सार्वजनिक वितरण और धान खरीद घोटाले की जांच की समीक्षा करेंगे और एजेंसी के अधिकारियों पर हमलों की पृष्ठभूमि में स्थानीय ईडी प्रतिष्ठान की सुरक्षा चिंताओं पर चर्चा करेंगे। वह कोलकाता के राजभवन में राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस से भी मुलाकात कर सकते हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article