ह Amit Shah News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज रात तीन दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंच रहे हैं। वे रात 9 बजे सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाई अड्डे पर उतरेंगे और रात्रि विश्राम कदमतला स्थित बीएसएफ फ्रंटियर मुख्यालय में करेंगे। कल शाह जुमागछ के सीमा चौकी पर बीएसएफ की 18वीं बटालियन पहुंचेंगे। यहां वे प्रहरी सम्मेलन को संबोधित करेंगे, वृक्षारोपण अभियान में हिस्सा लेंगे, कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कुछ का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वे बीएसएफ जवानों से संवाद भी करेंगे। गृह मंत्री शाह बेलूर मठ जाएंगे और पूजा पंडालों का दर्शन करेंगे।
सिलीगुड़ी में कार्यक्रमों में होंगे शरीक
इसके बाद गृह मंत्री शाह सिलीगुड़ी के उत्तर कन्या में उच्चस्तरीय बैठकों में भाग लेंगे। इन बैठकों में विभिन्न प्रशासनिक मामलों, पश्चिम बंगाल में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन और जन्म-मृत्यु पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। शाम को वे कोलकाता के लिए रवाना होंगे। रविवार को अमित शाह पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। साथ ही वे कोलकाता स्थित राष्ट्रीय पुस्तकालय में नवनिर्मित वर्ड म्यूजियम का उद्घाटन भी करेंगे।
दही निर्माण संयंत्र की आधारशिला रखेंगे
इसके बाद गृह मंत्री शाह अमूल बंगाल डेयरी के नए दही निर्माण संयंत्र की आधारशिला रखेंगे। सीमा सुरक्षा, प्रशासनिक समीक्षा और विकास परियोजनाओं के मिले-जुले कार्यक्रम वाले इस दौरे को राज्य की राजनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। हाल के महीनों में शाह कई बार बंगाल दौरे पर आए हैं। पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहली बार सरकार बनी है। राज्य में तृणमूल कांग्रेस को हराने के बाद भाजपा जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ और मजबूत कर रही है। वह उन क्षेत्रों में अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है जिन इलाकों में वह जीत दर्ज नहीं कर पाई। दुर्गा पूजा के जरिए केंद्रीय गृह मंत्री शाह बंगाल की सांस्कृतिक विरासत का दर्शन करेंगे।
