शहर

Delhi Accident: द्वारका में तेज रफ्तार ट्रक ने दो बाइकों को रौंदा, 1 की मौत, आनंद पर्वत में बेकाबू DTC बस ने कई लोगों को कुचला

राजधानी दिल्ली में शनिवार तड़के दो दर्दनाक हादसे हुए। द्वारका सेक्टर-18 में ट्रक की टक्कर से युवक गौरव की मौत हो गई, वहीं आनंद पर्वत में डीटीसी बस ने कई लोगों को कुचल दिया।

Image

आनंद पर्वत में DTC बस ने कई लोगों को कुचला

Photo : ANI

Delhi Accident: देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार तड़के दो अलग-अलग इलाकों में दर्दनाक सड़क हादसे सामने आए हैं। पहला हादसा द्वारका सेक्टर-18 में घटित हुआ, जहां एक बेकाबू ट्रक ने दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक का सिर कुचलने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरा हादसा मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में हुआ, जहां एक डीटीसी (DTC) बस ने कई राहगीरों को टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई और कई अन्य लोग घायल हो गए हैं।

द्वारका में ट्रक ने दो बाइकों को टक्कर मारी

दिल्ली पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के (17 अक्टूबर 2026) करीब 12:45 बजे द्वारका के सेक्टर-18 स्थित क्रीसेंट अपार्टमेंट रेड लाइट के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। दोनों बाइकों पर कुल चार लोग सवार थे। हादसे में गौरव नाम के युवक के सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसे इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे 'ब्रॉट डेड' (मृत लाया गया) घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय (DDU) अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।

हितेश (18 वर्ष), हर्षित (20 वर्ष), ध्रुव (23 वर्ष) नाम के तीन युवक घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरोपी ट्रक चालक गिरफ्तार

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हादसे के जिम्मेदार 41 वर्षीय ट्रक चालक होताम सिंह (निवासी-आगरा, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और दोनों मोटरसाइकिलों को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मौके पर पहुंची क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। द्वारका नॉर्थ थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(a), 125(b) और 106(1) के तहत केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

आनंद पर्वत इलाके में डीटीसी बस ने लोगों को कुचला

इसी बीच मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत क्षेत्र में एक बेकाबू डीटीसी (DTC) बस ने सड़क किनारे मौजूद कई लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। बस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस बस चालक से पूछताछ और मामले की सघन जांच कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article