देश

महाराष्ट्र, गुजरात समेत कई राज्यों में फैला HMPV वायरस, ज्यादातर बच्चे हो रहे शिकार; अब तक कितने मामले दर्ज?

HMPV Virus Cases In India: भारत में HMPV वायरस के कई मामले सामने आए हैं। देश के अलग-अलग राज्यों में अब तक कई लोग इससे संक्रमित हुए हैं। खतरे की बात यह है कि इनमें ज्यादातर बच्चे शामिल हैं। देखें कि कितने राज्यों में अब तक इसके मामले मिले हैं।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : iStock

HMPV Virus In India: चीन में ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस (HMPV) बहुत तेजी से फैल रहा है। यह वायरस अब धीरे-धीरे भारत में भी पैर पसारने लगा है। भारत के कई राज्यों में ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस के मामले सामने आए हैं। इस वायरस के मामले सामने आने के बाद लोगों को फिर से कोरोना काल याद आने लगा है, क्योंकि शुरुआत में कोरोना वायरस के मामले भी ऐसे ही सामने आए थे और अचानक से मामले तेजी से बढ़ने लगे थे। आइए, आपको बताते हैं कि अब तक भारत के कितने राज्यों में HMPV वायरस के मामले सामने आए हैं।

कई राज्यों में मामले दर्ज

बता दें कि चीन में फैले कोरोना जैसे HMPV वायरस के मामले भारत में लगातार (HMPV Virus Cases In India) बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और गुजरात जैसे राज्यों में इस वायरस के कई मामले सामने आए हैं। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि छोटे बच्चों में इस वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है।

ज्यादातर बच्चे हो रहे शिकार

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को महाराष्ट्र के नागपुर में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) के दो मामले सामने आए हैं। संक्रमितों में एक 13 साल की लड़की और एक 7 साल का लड़का शामिल हैं। दोनों बच्चों को लगातार सर्दी और बुखार की शिकायत के बाद प्राइवेट लैब में जांच के लिए ले जाया गया, जहां उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालांकि, उनकी स्थिति नियंत्रण में है और उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं पड़ी। उनका इलाज घर पर ही चल रहा है।

संक्रमितों का चल रहा इलाज

इससे पहले, सोमवार सुबह कर्नाटक के बेंगलुरु में 3 महीने और 8 महीने के दो बच्चों में इस वायरस की पुष्टि हुई थी। दोनों बच्चों की जांच स्थानीय अस्पताल में की गई। पश्चिम बंगाल में भी पांच महीने के एक बच्चे में इस बीमारी के लक्षण पाए गए हैं, जिसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं, तमिलनाडु के चेन्नई में भी दो बच्चे इस वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। अहमदाबाद में एक 2 महीने के बच्चे में HMPV का संक्रमण मिला है। यह बच्चा राजस्थान का रहने वाला है और इलाज के लिए अहमदाबाद लाया गया है।

क्या है HMPV वायरस?

HMPV एक सांस संबंधी वायरस है, जो सर्दी, खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण पैदा करता है। यह वायरस हवा के माध्यम से या संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से फैलता है। यह वायरस सभी उम्र के लोगों को प्रभावित कर सकता है, लेकिन छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में यह अधिक गंभीर हो सकता है।

क्या करें?

  • सावधानी बरतें: भीड़ भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें, मास्क पहनें और बार-बार हाथ धोएं।
  • स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करें: स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए निर्देशों का पालन करें और समय-समय पर अपडेट रहें।
  • समय पर इलाज करवाएं: अगर आपको सर्दी, खांसी या सांस लेने में तकलीफ हो रही है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

वायरस के बढ़ते मामले पर स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार इस स्थिति पर नजर रख रही है और WHO भी इस मामले पर काम कर रहा है। जल्द ही इस वायरस के बारे में अधिक जानकारी उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर तैयार है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article