देश

खरगे की रैली के बाद 'शुद्धिकरण' विवाद पर सख्त एक्शन, बीजेपी नेताओं पर FIR दर्ज, पुलिस ने कई धाराओं में दर्ज किया केस

उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद रामलीला मैदान में किए गए कथित 'शुद्धिकरण अनुष्ठान' को लेकर विवाद गहरा गया है। इस मामले में बेंगलुरु के विधान सौध पुलिस स्टेशन में बीजेपी पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

Image

खरगे की रैली के बाद 'शुद्धिकरण' विवाद पर सख्त एक्शन, बीजेपी नेताओं पर FIR दर्ज, पुलिस ने कई धाराओं में दर्ज किया केस

उत्तराखंड के हल्द्वानी में आयोजित एक राजनीतिक कार्यक्रम के बाद उठा विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई रैली के बाद वहां कथित तौर पर एक "शुद्धिकरण अनुष्ठान" का आयोजन किया गया था। इस मामले ने तूल पकड़ लिया है और अब बेंगलुरु के विधान सौध पुलिस स्टेशन में बीजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है।

यह पूरी कानूनी कार्रवाई कांग्रेस के एसटी विभाग के पूर्व उपाध्यक्ष टी.आर. रामप्पा की शिकायत पर हुई है। अपनी शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि खरगे के जाने के बाद जानबूझकर यह अनुष्ठान आयोजित किया गया, जिसका मकसद यह जातिवादी संदेश देना था कि उनके वहां होने से मैदान "अशुद्ध" हो गया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह सीधा-सीधा एक दलित नेता और उनके समुदाय का अपमान है।

इस मामले में उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का नाम भी शामिल किया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से इस विवादित अनुष्ठान का बचाव किया और इसे सही ठहराने की कोशिश की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के अलावा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (SC/ST Atrocities Act) और नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1955 के तहत मामला दर्ज किया है।

राजनीतिक गलियारों में इस घटना की कड़ी निंदा हो रही है। इस पूरे वाकये ने एक बार फिर राजनीति में जातिगत भेदभाव और सामाजिक सम्मान के मुद्दे को गर्म कर दिया है। पुलिस अब इस शिकायत के आधार पर मामले की आगे की जांच में जुट गई है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article