क्रिकेट

Namibia T20I Tri Series 2026: नामीबिया को हराकर ट्राई सीरीज के फाइनल में पहुंचा साउथ अफ्रीका

साउथ अफ्रीका ने आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में नामीबिया को हरा दिया। इस जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका की टीम ट्राई सीरीज की फाइनल में पहुंच गई जहां रविवार को उसका सामना जिम्बाब्वे से होगा।

Image

साउथ अफ्रीका बनाम नामीबिया (साभार-x)

साउथ अफ्रीका की टीम ट्राई सीरीज के फाइनल में पहुंच गई। शुक्रवार को विंडहोक में खेले गए रोमांचक मुकाबले में उसने नामीबिया को 11 रन से हराया। आखिरी ओवर तक चले इस रोमांचक मुकाबले में नामीबिया की टीम निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 217 रन ही बना सकी। आखिरी ओवर में नामीबिया को 24 रन की दरकार थी, लेकिन नकोबानी मोकोएना ने अंतिम ओवर में केवल 11 रन ही दिए।

इससे पहले नामीबिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने लुआन ड्रे प्रीटोरियस की शानदार शतकीय पारी के दम पर 4 विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए। प्रीटोरियस 53 गेंद में 4 चौके और 8 छक्के की मदद से 101 रन बनाकर आउट हुए। प्रीटोरियस के अलावा कॉर्नर एस्टरहुइज़ेन ने 88 रन की पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए केवल 11.3 ओवर में 156 रन की साझेदारी की। हालांकि, इन फॉर्म डेवाल्ड ब्रेविस केवल 3 रन ही बना पाए।

नामीबिया की शानदार शुरुआत

229 रन का पीछा करने के लिए नामीबिया को अच्छे स्टार्ट की जरूरत थी और वो दिलाई लॉरेन स्टीनकैंप और जेन फ्राईलिंक की जोड़ी ने, दोनों ने पहले विकेट के लिए 119 रन की साझेदारी की। जेन फ्राईलिंक 61 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए। दूसरे विकेट के लिए स्टीनकैंप ने गेरहार्ड इरासमस के साथ 48(31) रन की साझेदारी की। नामीबिया की टीम अंतिम ओवर तक लड़ी। लेकिन साउथ अफ्रीका का अनुभव नामीबिया की टीम पर भारी पड़ा। इस जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका ने ट्राई सीरीज के फाइनल में जगह बना ली। ट्राई सीरीज का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर यानी रविवार को होगा जहां साउथ अफ्रीका की टक्कर जिम्बाब्वे से होगी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article