देश

Kolkata Airport Bomb Threat: टॉयलेट पेपर पर मिला ‘विमान में बम’ का नोट, मचा हड़कंप; खाली कराई गई पूरी फ्लाइट

Kolkata Airport Bomb Threat: कोलकाता से गोरखपुर जाने वाली एक उड़ान के शौचालय में बम की चेतावनी वाला नोट मिलने से हवाई अड्डे पर हड़कंप मच गया। टॉयलेट पेपर रोल में मिले इस संदेश के बाद सभी यात्रियों को तुरंत विमान से सुरक्षित उतारा गया।

Image

गोरखपुर की फ्लाइट में बम की अफवाह से हड़कंप (फाइल फोटो)

Kolkata Airport Bomb Threat: शुक्रवार की शाम कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब गोरखपुर जाने वाली एक उड़ान के वॉशरूम में बम होने की चेतावनी देने वाला एक नोट मिला। इस घटना की खबर सामने आते ही हवाई अड्डा प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फूल गए।

मिली जानकारी के अनुसार, यह धमकी भरा संदेश विमान के वॉशरूम में रखे टॉयलेट पेपर रोल के अंदर एक टिश्यू पेपर पर लिखा हुआ था। जैसे ही क्रू मेंबर्स की नजर इस नोट पर पड़ी, उन्होंने बिना कोई जोखिम उठाए तुरंत इसकी सूचना एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विमान की उड़ान रोक दी गई और उसमें सवार सभी यात्रियों को तुरंत नीचे उतार लिया गया।

सुरक्षा टीम ने पूरे विमान की गहनता से ली तलाशी

हवाई अड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विमान को तुरंत एक अलग आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इसके बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों, बम निरोधक दस्ते और स्निफर डॉग्स की टीम ने पूरे विमान की गहन तलाशी शुरू कर दी। यात्रियों के सामान और विमान के हर हिस्से की बारीकी से जांच की जा रही है।

विमान को बाद में गोरखपुर के लिए किया गया रवाना

अचानक हुए इस घटनाक्रम से यात्रियों में कुछ देर के लिए डर और अनिश्चितता का माहौल बन गया। सुरक्षा जांच पूरी होने और एजेंसियों की हरी झंडी मिलने के बाद ही विमान को गोरखपुर के लिए रवाना होने की अनुमति दी जाएगी। फिलहाल सुरक्षा बल इस बात की जांच में जुटे हैं कि यह नोट किसने और किस इरादे से वहां रखा था।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article