चुनाव से पहले नेताओं का पाला बदलते तो आपने देखा होगा या सुना होगा, लेकिन अब तो समर्थक भी पाला बदलने लगे हैं। कभी किसी पार्टी के पोस्टर ब्वॉय बन जाते हैं तो कभी किसी के। इसी तरह का नजारा गुजरात चुनाव से पहले दिखा है। एक ऑटो ड्राइवर जिसके घर आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल डिनर करने पहुंचे थे, जिसके दम पर अपना चेहरा चमका रहे थे, वो अब बीजेपी की रैली में दिखा है।
ऑटो ड्राइवर का नाम विक्रम दंतानी है। 12 सितंबर को जब अरविंद केजरीवाल गुजरात चुनाव के प्रचार के लिए पहुचे थे, तब इसी ड्राइवर ने उन्हें डिनर के लिए आमंत्रित किया था। जिसके आमंत्रण पर केजरीवाल दंतानी के घर गए थे और उनके साथ खाना खाया था। जिसके बाद केजरीवाल ने इनका फोटो भी शेयर किया था।
अब जब पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर गुजरात में हैं, तो विक्रम दंतानी उनकी रैली में भी पहुंच गया। पूछने पर बताया कि वो पीएम मोदी का बड़ा फैन है, इसलिए वो यहां आया है। केजरीवाल को उसने इसलिए आमंत्रित किया था, क्योंकि उसे ऑटो यूनियन की तरफ से ऐसा करने के लिए कहा गया था।
दिलचस्प बात यह है कि जिस वीडियो में ड्राइवर ने केजरीवाल को रात के खाने के लिए आमंत्रित करते हुए दिख रहा है, उसमें भी वो आप प्रमुख की प्रशंसा करते हुए कहता है- "मैं आपका बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। मैंने सोशल मीडिया पर पंजाब में एक ऑटो ड्राइवर के यहां आपको खाना खाते हुए देखा है, क्या आप मेरे घर भी खाना खाने के लिए आएंगे।"
