देश

कश्मीर में 'पोलियो-मुक्त पाकिस्तान' लिखा सरकारी पर्चा प्रसारित, अधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण

पर्चे पर जांच के दायरे में आए प्रखंड चिकित्साधिकारी का नाम और पद भी लिखा था।पत्र में कहा गया है कि स्थानीय अधिकारियों ने इस मामले को ’बेहद गंभीरता’ से लिया है

Image

प्रतीकात्मक फोटो

जम्मू-कश्मीर में ’पोलियो-मुक्त पाकिस्तान’ लिखा सरकारी पर्चा बांटने के मामले में एक अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।अधिकारियों ने एक प्रखंड चिकित्सा अधिकारी से ’पोलियो-मुक्त पाकिस्तान’ का नारा लिखे कथित तौर पर एक अनधिकृत और भ्रामक पर्चे के प्रसार के संबंध में तत्काल स्पष्टीकरण मांगा है।

यह आदेश राजौरी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) द्वारा जारी किया गया था, जिसमें कांडी क्षेत्र के अधिकारी से एक दिन के भीतर तत्काल स्पष्टीकरण मांगा गया था।

एक आधिकारिक पत्र में सीएमओ ने कहा कि सोशल मीडिया और व्हाट्सएप समूहों पर ’इंटेंसिफाइड पल्स पोलियो इम्यूनाइजेशन (आईपीपीआई) प्रोग्राम, 2026’ से संबंधित एक विज्ञापन प्रसारित किया गया था, जिससे यह आभास हुआ कि इसे कांडी प्रखंड के चिकित्साधिकारी के कार्यालय द्वारा आधिकारिक तौर पर जारी या समर्थित किया गया था।

'राष्ट्रीय आपातकालीन संचालन केंद्र का लोगो और ’पोलियो-मुक्त पाकिस्तान’ का नारा था'

आदेश में कहा गया है कि सामग्री की जांच से पता चला है कि इसमें राष्ट्रीय आपातकालीन संचालन केंद्र का लोगो और ’पोलियो-मुक्त पाकिस्तान’ का नारा था, जिसका जम्मू-कश्मीर स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग या केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के किसी भी कार्यक्रम या संचार से कोई संबंध नहीं था।

स्थानीय अधिकारियों ने इस मामले को ’बेहद गंभीरता’ से लिया

पर्चे पर जांच के दायरे में आए प्रखंड चिकित्साधिकारी का नाम और पद भी लिखा था।पत्र में कहा गया है कि स्थानीय अधिकारियों ने इस मामले को 'बेहद गंभीरता' से लिया है क्योंकि इससे जनता का भरोसा कम हो सकता है और विभाग की बदनामी हो सकती है।

एक दिन के अंदर विस्तृत रिपोर्ट और लिखित स्पष्टीकरण सौंपने का निर्देश

सीएमओ ने प्रखंड चिकित्साधिकारी को एक दिन के अंदर विस्तृत रिपोर्ट और लिखित स्पष्टीकरण सौंपने का निर्देश दिया है। उन्हें यह बताने को कहा गया है कि क्या सामग्री आधिकारिक अनुमति के साथ तैयार, स्वीकृत, मुद्रित, प्रकाशित या प्रसारित की गई थी।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article