भोपाल: प्रदेश में पर्यटन को तेज, आसान और आरामदायक बनाने की दिशा में ‘पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा’ एक सफल और अहम पहल बनकर सामने आई है। इस सेवा के जरिए प्रदेश के प्रमुख आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को सीधे हवाई मार्ग से जोड़ा गया है। इनमें उज्जैन और ओंकारेश्वर के पवित्र ज्योतिर्लिंग, मैहर स्थित मां शारदा मंदिर, भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट, झीलों की नगरी भोपाल, इंदौर, ओरछा और चंदेरी की ऐतिहासिक धरोहरें तथा कान्हा और बांधवगढ़ जैसे विश्वप्रसिद्ध टाइगर रिजर्व शामिल हैं। कम समय में प्रदेश के अलग-अलग पर्यटन स्थलों तक आसान पहुंच होने से देश-विदेश के पर्यटक यात्रा का अनोखा अनुभव ले रहे हैं।
आवास, भोजन और दर्शन सहित संपूर्ण यात्रा पैकेज की सुविधा
पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के तहत यात्रियों की सुविधा और आराम को सबसे ज्यादा महत्व देते हुए एक पूरा यात्रा पैकेज दिया जा रहा है। इस पैकेज में गंतव्य स्थल पर ठहरने, भोजन और स्थानीय घूमने के लिए टैक्सी जैसी सभी जरूरी सुविधाएं शामिल हैं। धार्मिक यात्रा को और आसान बनाने के लिए प्रमुख मंदिरों में दर्शन की पहले से तय व्यवस्था की गई है, साथ ही पर्यटन स्थलों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व से रूबरू कराने के लिए प्रशिक्षित गाइड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा, यात्रियों को हेलीपैड तक लाने और ले जाने के लिए पिक-अप एवं ड्रॉप की सुविधा भी दी जा रही है, जिससे उनकी पूरी यात्रा बेहद आरामदायक और यादगार बन रही है।
आध्यात्मिक सर्किट से 2 हजार 477 श्रद्धालुओं ने किए प्रमुख तीर्थों के दर्शन
आध्यात्मिक सर्किट के तहत इंदौर, उज्जैन और ओंकारेश्वर जैसे प्रमुख धार्मिक केंद्रों को हवाई सेवा से जोड़ा गया है, जिसके लिए श्रद्धालुओं के लिए तीन खास यात्रा पैकेज चलाए जा रहे हैं। इनमें इंदौर–उज्जैन–ओंकारेश्वर–इंदौर यात्रा का किराया 30 हजार रुपये, इंदौर–उज्जैन–इंदौर यात्रा का किराया 14 हजार 500 रुपये और इंदौर–ओंकारेश्वर–इंदौर यात्रा का किराया 18 हजार रुपये तय किया गया है। श्रद्धालुओं के बीच इस सेवा की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नवम्बर 2025 से सितम्बर 2026 की अवधि में इस सर्किट से 2 हजार 477 से ज्यादा यात्रियों ने हेली पर्यटन सेवा का लाभ उठाया है।
हेरिटेज सर्किट और जॉय राइड से ऐतिहासिक धरोहरों की सैर
प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से पर्यटकों को रूबरू कराने के लिए हेरिटेज सर्किट के तहत बेहतरीन हवाई कनेक्टिविटी दी गई है। इस सर्किट में भोपाल–ओरछा–भोपाल यात्रा का किराया 14 हजार 500 रुपये, भोपाल से चंदेरी का किराया 5 हजार 500 रुपये, भोपाल से ओरछा का किराया 6 हजार 500 रुपये और चंदेरी से ओरछा की यात्रा का किराया 2 हजार 750 रुपये रखा गया है। इसके साथ ही, आकाश से रोमांचक नजारा देखने के इच्छुक पर्यटकों के लिए 3 हजार 500 रुपये के किराए पर खास ‘जॉय राइड’ की सुविधा भी उपलब्ध है। अप्रैल 2026 से सितम्बर 2026 तक इस सर्किट से कुल 684 पर्यटकों ने हवाई यात्रा का आनंद लिया है।
ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आसान बुकिंग सुविधा
इस नई पहल के तहत कोई भी पर्यटक घर बैठे बेहद आसानी से अपनी हवाई यात्रा की योजना बना सकता है। इस सुविधाजनक और किफायती यात्रा पैकेज का लाभ उठाने के लिए इच्छुक यात्री आधिकारिक वेबसाइट www.flyola.in, air.irctc.co.in/flyola और www.transbharat.in पर जाकर ऑनलाइन टिकट बुकिंग कर सकते हैं।
