देश

अजित पवार की मौत की हो CBI जांच, रोहित पवार ने अमित शाह से कर दी बड़ी अपील, कहा- पुणे रिंग रोड का भी करें नामकरण

Ajit Pawar Death Case: एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अजित पवार की मौत के मामले की जांच सीबीआई से कराने की अपील की।

Image

एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार (फाइल फोटो)

Ajit Pawar Death Case: एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अजित पवार की मौत के मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने और पुणे रिंग रोड का नाम उनके (अजित के) नाम पर रखने की घोषणा करने की अपील की।

दो दिवसीय पुणे दौरे पर हैं अमित शाह

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, अमित शाह रविवार से दो दिवसीय पुणे दौरे पर हैं। महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार का इस साल 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था।

पुणे रिंग रोड का नाम बदलने की मांग

रोहित पवार ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि शाह सोमवार को पुणे जिला परिषद कार्यालय में अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करने वाले हैं।

उन्होंने दिवंगत नेता की प्रतिमा स्थापित करने की पहल का समर्थन करने वाले जिला परिषद के नेताओं का आभार जताया। एनसीपी (एसपी) के विधायक ने सवाल किया कि अजित पवार के समर्थन से राज्य सरकार में मंत्री पद पर बैठे लोग पुणे रिंग रोड का नाम उनके नाम पर रखने की मांग क्यों नहीं कर रहे।

रोहित ने कहा कि महाराष्ट्र के विकास में अजित पवार का योगदान अमूल्य था और उन्होंने एक दशक से अधिक समय तक पुणे जिले के पालक मंत्री के रूप में सेवाएं दी थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कुछ लोग किसी बड़ी परियोजना का नाम अजित पवार के नाम पर रखे जाने के विरोध में हैं। विधायक ने कहा कि केवल उनकी प्रतिमा का अनावरण कर देना उनके योगदान का सम्मान करने के लिए पर्याप्त नहीं होगा।

रोहित पवार ने कहा, "बेहतर होगा कि अमित शाह पुणे रिंग रोड का नाम अजित पवार के नाम पर रखने और उनकी मौत के मामले की जांच सीबीआई से कराने की घोषणा करें। ऐसा नहीं होने पर हम अजित पवार की पुण्यतिथि पर सड़क का नाम उनके नाम पर रखने की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन करेंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि यह पता लगाने के प्रयास जारी रहेंगे कि अजित पवार की मौत एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई 'साजिश' थी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article