Kishtwar SPO Death: किश्तवाड़ के दच्छन इलाके में 2 स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की मौत के मामले में जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा के बयान के बाद सियासत तेज हो गई है। कर्रा ने इस घटना पर कई सवाल उठाते हुए निष्पक्ष और पूरी जांच की मांग की है। कर्रा ने कहा, "इस मामले में कई सवाल उठते हैं। मैंने जिला अध्यक्ष किश्तवाड़ से बात करके पूरी जानकारी ली है। अब यह जांच पर निर्भर करता है, लेकिन मुझे जो रिपोर्ट मिली है, उसके मुताबिक ये दोनों SPO शिकार के लिए गए थे। उनके पास बंदूकें थीं और उस इलाके में वड़वन और आसपास के क्षेत्र में दो पिकेट हैं।"
किश्तवाड़ घटना पर सियासत तेज
कर्रा के मुताबिक, "जाते समय उन्होंने दोनों पिकेट आराम से पार कर लिए, लेकिन लौटते समय सिविल ड्रेस में होने के कारण सेना ने उन्हें आतंकी समझ लिया और उन पर फायरिंग कर दी। यह एक मजबूत पहलू है और दूसरी कहानी भाजपा की ओर से फैलाई जा रही है कि उन्हें आतंकियों ने मार दिया है।" कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमने उचित जांच की मांग की है। अगर आतंकवाद वाला एंगल है तो उसकी भी जांच हो, लेकिन दूसरे एंगल की भी जांच होनी चाहिए।
पुलिस ने बताया आतंकी हमला
दूसरी तरफ, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक यह मामला संदिग्ध आतंकी हमले का है। SPO बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45), दोनों कियार गांव के रहने वाले थे, दच्छन के जंगल में गुरुवार तड़के मृत पाए गए थे। यह घटना लगभग 8,858 फीट की ऊंचाई पर देहरना और कियार गांव के बीच हुई, जब दोनों SPO मरवा तहसील में बसनंद की सुरक्षा चौकी की तरफ जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक उनके सर्विस हथियार- एक INSAS राइफल और एक पॉइंट 303 राइफल मैगजीन और गोला-बारूद के साथ गायब हैं, जिनके हमलावरों द्वारा ले जाए जाने का संदेह है। मौके से पाकिस्तानी मूल के आर्मर-पियर्सिंग स्टील-कोर गोला-बारूद के खाली कारतूस भी मिले हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- नोएडा में खुले नाले ने फिर ली इंसान की जान
कियार गांव पहुंचे IGP जम्मू
इस बीच IGP जम्मू तेजिंदर सिंह ने शनिवार को कियार गांव जाकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान की समीक्षा की। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने भी सुरक्षा और परिचालन में चूक का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि दोनों SPO को मुश्किल पहाड़ी इलाके से सेना के अस्थायी ऑपरेटिंग बेस तक क्यों भेजा गया। अब दोनों तरफ के बयानों के बाद सबकी नजर आधिकारिक जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह साफ होगा कि यह घटना आतंकी हमला थी या इसमें कोई और पहलू भी है।
