Pulse Polio Campaign: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार सहित तमाम नेताओं ने विभिन्न स्थानों पर पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की शुरुआत की।
शाह ने बच्चों को पिलाई खुराक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के गांधीनगर में पीएम फैमिली केयर ट्रैकर पायलट प्रोजेक्ट के लॉन्च के दौरान बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। अमित शाह की बच्चों को पोलियो पिलाते हुए तस्वीरें भी सामने आईं। इन तस्वीरों में अमित शाह के एक हाथ में चॉकलेट और दूसरे हाथ में पोलियो की बोतल दिखाई दे रही है।
प्रियंका ने वायनाड में की पोलियो अभियान की शुरुआत
कांग्रेस महासचिव और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कलपेट्टा के पदिनजरथरा में जिलास्तरीय पल्स पोलिया अभियान की शुरुआत की। इस दौरान, प्रियंका गांधी ने बच्चों को पोलिया की खुराग पिलाई और उनसे बात की। इसके बाद, बच्चों के साथ तस्वीर भी खिंचवाई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अरुणाचल के 10 जिले बाढ़ की चपेट में तो सिक्किम में बहा पुल; भारी बारिश के चलते सड़क संपर्क बाधित; त्राहिमाम कर रही जनता
विजय ने तमिलनाडु में चलाया पोलियो अभियान
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पांच वर्ष से कम उम्र के करीब 52.91 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक देने के उद्देश्य से रविवार को राज्यव्यापी स्वास्थ्य अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य मंत्री डॉ. केजी अरुणराज के साथ यहां के निकट पलवक्कम स्थित आदि द्रविड़ कल्याण उच्च माध्यमिक विद्यालय में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।
राज्य की पोलियो-मुक्त स्थिति को सुरक्षित बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय पोलियो टीकाकरण अभियान को राज्य भर में 43,051 से अधिक अधिकृत टीकाकरण केंद्रों पर शुरू किया गया।
राजस्थान के CM ने अभिभावकों से की ये अपील
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की और कहा कि पोलियो से बचाव का एकमात्र प्रभावी उपाय समय पर इसकी खुराक पिलाना है व इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बच्चे के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर उन्हें पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। मुख्यमंत्री ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
