देश

असम में बारिश, तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं में चार लोगों की मौत, 53000 प्रभावित

  • Agency by: भाषा
  • Updated Apr 1, 2024, 09:59 PM IST

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की स्थिति के बारे में जानकारी लेने के लिए मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को फोन किया और उन्हें हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

Image

असम में बारिश से मची तबाही

Photo : PTI

असम में आंधी-तूफान के साथ बारिश और बिजली गिरने से संबंधित घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई जबकि 53,000 लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। दक्षिण सलमारा-मनकाचर जिले में रविवार रात ब्रह्मपुत्र में एक नाव पलटने से एक चार साल के बच्चे की मौत हो गई और दो लोग लापता हो गए, जबकि कछार, पश्चिम कार्बी आंगलोंग और उदलगुरी में तूफान और आकाशीय बिजली से संबंधित दुर्घटनाओं में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।

अमित शाह ने किया फोन

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की स्थिति के बारे में जानकारी लेने के लिए मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को फोन किया और उन्हें हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के सीईओ ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी ने कहा कि आंधी-तूफान के साथ-साथ राज्य के कई हिस्सों में रविवार शाम को भारी बारिश हुई जिससे कई पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए और घरों को नुकसान पहुंचा।

बचाव अभियान जारी

त्रिपाठी ने बताया कि मृतक की पहचान समीन मंडल (4) के रूप में की गई है, जबकि कोबट अली मंडल (56) और इस्माइल अली (8) लापता हैं। उन्होंने कहा कि राज्य आपदा मोचक बल (एसडीआरएफ) की एक टीम ने आज सुबह तलाशी अभियान शुरू किया और धुबरी और गोलपारा जिलों के गोताखोर भी उनके साथ शामिल हो गए। बचाव प्रयासों में सहायता के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचक बल (एनडीआरएफ) की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच रही है।

ड्रोन का भी इस्तेमाल

त्रिपाठी ने कहा कि एएसडीएमए निगरानी के लिए पायलट के साथ ड्रोन भेज रही है। उन्होंने कहा कि नाव पर 15 यात्री सवार थे, लेकिन बाकी लोग तैरकर सकुशल बाहर आ गए। इसी बीच कछार में एक महिला तूफान के बीच फंस गई और उसकी जान चली गई। एएसडीएमए ने कहा कि उसकी पहचान सोनाई की सखी बेगम लस्कर (30) के रूप में की गई है। एएसडीएमए ने कहा कि आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में पश्चिम कार्बी आंगलोंग के डोनका के पिंटू चौहान (17) और उदलगुरी के मजबत के रूपाराम बसुमतारी (46) की मौत हो गई।

919 गांव प्रभावित

इसके अलावा आकाशीय बिजली गिरने से छह लोग घायल हो गए जिन्हें सिलचर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एएसडीएमए ने एक बुलेटिन में कहा कि तूफान ने 22 जिलों के 919 गांवों के लगभग 53,000 लोगों को प्रभावित किया है और कुल 14,633 घर आंशिक रूप से या पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

End of Article