देश

Kamla Beniwal Dies: नहीं रहीं गुजरात की पूर्व राज्यपाल कमला बेनीवाल, पीएम मोदी ने जताया शोक

Kamla Beniwal Death: राजस्थान की पूर्व उपमुख्यमंत्री और गुजरात की पूर्व राज्यपाल कमला बेनीवाल का निधन हो गया है, वह 97 साल की थीं।

Image

राजस्थान की पूर्व उपमुख्यमंत्री और गुजरात की पूर्व राज्यपाल कमला बेनीवाल का निधन (फाइल फोटो)

गुजरात की पूर्व राज्यपाल और राजस्थान की पूर्व उपमुख्यमंत्री कमला बेनीवाल का बुधवार को निधन हो गया। वह 97 साल की थीं, परिजनों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार कमला बेनीवाल को बुधवार दोपहर बाद अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उनका निधन हो गया। उन्होंने बताया कि उनका अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को किया जायेगा।

राजस्थान की उपमुख्यमंत्री रह चुकी बेनीवाल सात बार विधायक निर्वाचित हुयी। वह गुजरात के राज्यपाल के पद पर भी आसीन रहीं। उनके परिवार में एक बेटा व चार बेटियां हैं।विधानसभा की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार बाल स्‍वतंत्रता सेनानी रहीं कमला बेनीवाल ने प्रजामंडल के जलूसों में बालिका स्‍वयंसेवक दल का संचालन एवं प्रभात फेरियों का संचालन किया ।

इसमें कहा गया है कि उन्होंने 1948 में जयपुर में आयोजित कांग्रेस अधिवेशन के लिये महिला सेवा दल की स्‍वयं सेविकाओं को प्रशिक्षण दिया।

डॉ कमला अन्‍तर्राष्‍ट्रीय सहकारी महिला समिति (लंदन) की कार्यकारिणी सदस्‍य, अखिल भारतीय सहकारी संघ की सदस्य व राष्‍ट्रीय सहकारी महिला समिति की अध्यक्ष सहित अनेक महत्वपूर्ण पदों पर रहीं। वह गुजरात के अलावा त्रिपुरा और मिजोरम की भी राज्यपाल रहीं।

राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अन्य नेताओं ने बेनीवाल के निधन पर शोक व्यक्त किया है।राजभवन के बयान के अनुसार, 'राज्यपाल मिश्र ने कमला बेनीवाल जी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।'

मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त करते हुए 'एक्स' पर लिखा ‘‘गुजरात की पूर्व राज्यपाल व राजस्थान की पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. कमला बेनीवाल जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।’’

पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने बेनीवाल के व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा, 'कांग्रेस की वरिष्ठ नेता, त्रिपुरा, गुजरात एवं मिजोरम की पूर्व राज्यपाल तथा राजस्थान की उपमुख्यमंत्री रहीं । श्रद्धेय डॉ. कमला बेनीवाल के निधन के समाचार से मुझे गहरा आघात लगा है। कमला जी का व्यक्तित्व बहुआयामी रहा एवं उन्होंने राजनीति के अलावा भी हर क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किए।'

उन्होंने लिखा, 'मुख्यमंत्री के रूप में मेरे प्रथम कार्यकाल के दौरान वो मेरे मंत्रिमंडल में वरिष्ठ साथी थीं। इस दौरान मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला। वो एक कुशल प्रशासक, ओजस्वी वक्ता एवं सशक्त नेतृत्व देने वाली नेता थीं। कांग्रेस विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता एवं निष्ठा एक मिसाल है।'

गहलोत के अनुसार,'गुजरात में राज्यपाल के तौर पर उन्होंने संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करते हुए उस पद की गरिमा को और बढ़ाया।'

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई नेताओं ने डॉ बेनीवाल के निधन पर शोक जताया है

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!