देश

कौन हैं कांग्रेस के वो 5 सांसद, जिन्हें किया गया निलंबित? जानें पूरा विवाद

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 14, 2023, 03:46 PM IST

Parliament Session: टी एन प्रतापन, हिबी इडेन, जोथिमनी, राम्या हरिदास और डीन कुरियाकोस ये वही कांग्रेस के पांच सांसद हैं, जिन्हें लोकसभा ने मौजूदा संसद सत्र की शेष अवधि केलिए निलंबित कर दिया। विपक्षी सदस्यों ने संसद की सुरक्षा में चूक के मुद्दे पर सरकार से जवाब की मांग करते हुए भारी हंगामा किया।

Image

शीतकालीन सत्र से निलंबित कांग्रेस के पांच सांसद।

Photo : Times Now Digital

Five Congress Suspended News: सदन की कार्यवाही बाधित करने और आसन की अवमानना को लेकर लोकसभा ने कांग्रेस के पांच सदस्यों को मौजूदा संसद सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया। आपको इन पांचों सांसद के बारे में बताते हैं, जिन्हें संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी के प्रस्ताव को सभा ने ध्वनिमत से मंजूरी दी।

कांग्रेस के किन सांसदों को किया गया निलंबित?

नामलोकसभा क्षेत्रपार्टी
टी एन प्रतापनत्रिशूर, केरलकांग्रेस
हिबी इडेनएर्नाकुलम, केरलकांग्रेस
डीन कुरियाकोसइडुक्की, केरलकांग्रेस
राम्या हरिदासआलतूर, केरलकांग्रेस
जोथिमनीकरूर, तमिलनाडुकांग्रेस
संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच कांग्रेस के टी एन प्रतापन, हिबी इडेन, जोथिमनी, राम्या हरिदास और डीन कुरियाकोस को आसन की अवमानना के मामले में शीतकालीन सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित करने का प्रस्ताव रखा। जोशी ने अपने प्रस्ताव में कहा कि आसन की अवमानना करने के लिए इन पांच सदस्यों का नाम आसन की ओर से लिया गया है और इन्हें शेष सत्र के लिए सदन से निलंबित किया जाए। पीठासीन सभापति बी महताब ने पांचों सदस्यों के निलंबन की घोषणा की।

किस मुद्दे पर लोकसभा में सांसदों ने किया हंगामा?

लोकसभा में विपक्षी सदस्यों ने संसद की सुरक्षा में चूक के मुद्दे पर सरकार से जवाब की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को भारी हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजकर करीब 10 मिनट पर तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। आसन की अवमानना करने के मामले में कांग्रेस के पांच सदस्यों टी एन प्रतापन, हिबी इडेन, जोथिमनी, राम्या हरिदास और डीन कुरियाकोस को चालू सत्र की शेष अवधि के लिए सदन से निलंबित कर दिया गया। एक बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे सदन की बैठक शुरू हुई तो विपक्षी सदस्य पहले की तरह ही अपने स्थान पर खड़े होकर बुधवार की घटना को लेकर हंगामा करने लगे।

शोर-शराबा कर रहे विपक्षी सदस्यों से किया अनुरोध

संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, 'हम सब सहमत हैं कि कल की दुर्भाग्यपूर्ण घटना लोकसभा सदस्यों की सुरक्षा में गंभीर चूक थी।' उन्होंने कहा कि इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष के निर्देश पर उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है। जोशी ने कहा कि इस मुद्दे पर किसी भी सदस्य से राजनीति की अपेक्षा नहीं की जाती, हमें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि संसद में सुरक्षा में चूक की इस तरह की घटनाएं पहले भी होती रही हैं और उस समय के लोकसभा अध्यक्षों के निर्देशानुसार मुद्दों पर कार्रवाई की जाती रही है। संसदीय कार्य मंत्री ने शोर-शराबा कर रहे विपक्षी सदस्यों से कार्यवाही आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

विपक्षी सांसदों ने की ‘गृहमंत्री इस्तीफा दो’ के नारेबाजी

उन्होंने आसन की अवमानना करने को लेकर कांग्रेस सदस्यों टी एन प्रतापन, हिबी इडेन, जोथिमनी, राम्या हरिदास और डीन कुरियाकोस को चालू सत्र की शेष अवधि के निलंबित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सदन ने ध्वनिमत से स्वीकृति दे दी। इसके बाद पीठासीन सभापति भर्तृहरि महताब ने कार्यवाही अपराह्न तीन बजे तक स्थगित कर दी। इससे पहले सुबह 11 बजे जब सदन की बैठक शुरू हुई तो विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने ‘गृहमंत्री इस्तीफा दो’ के नारे लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

बता दें, संसद पर 2001 में हुए आतंकवादी हमले की बरसी पर बुधवार को एक बड़ी सुरक्षा चूक की घटना में दो व्यक्ति- सागर शर्मा और मनोरंजन डी. शून्यकाल के दौरान दर्शक दीर्घा से लोकसभा कक्ष में कूद गए। उन्होंने ‘केन’ से पीली गैस भी छोड़ी। बाद में सांसदों ने उन्हें काबू में किया।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article